भादरा तहसील के गांव ढाणी बेरवाल में 35 फुट गहरे कुएं में मिट्टी ढहने से एक व्यक्ति दबा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

चौपटा प्लस न्यूज। हरियाणा की सीमा से सटे राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के भादरा तहसील के गांव ढाणी बेरवाल में वीरवार को एक खेत पर कुए का कार्य करते हुए एक व्यक्ति दब गया। कुएं में दबे हुए व्यक्ति को निकालने का काम जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सरदार गढ़िया के गांव ढाणी बेरवाल में महेंद्र सिंह पुत्र चिमना राम मीणा उम्र करीब 55 वर्ष कुएं में इंटे निकालने का कार्य कर रहा था। अचानक मिट्टी देनी शुरू हो गई। करीब 35 फुट गहरे कुएं में 15 फीट मिट्टी महेंद्र सिंह के ऊपर गिर गई। सूचना मिलने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर महेंद्र मीणा को निकालने का प्रयास शुरू किया।
इस दौरान गोगामेडी थाना प्रभारी अजय कुमार, एएसआई दौलतराम भारी, गिरदावर रेवेन्यू इंस्पेक्टर विनोद गोदारा, पूर्व सरपंच प्रह्लाद बेरवाल सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों, जेसीबी मशीनों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
समाचार लिखे जाने तक महेंद्र मीणा को बाहर निकालने का प्रयास जारी है। हजारों लोग दुआ कर रहे हैं कि महेंद्र सिंह मीणा सकुशल बाहर आए।
फोटो