https://www.choptaplus.in/

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, बस दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरी, 26 यात्रियों के शव बरामद

यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा के पास दर्दनाक हादसा
 
utrakhand bus hadsa


यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। अनियंत्रित होकर एक बस खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में 28 यात्री सवार थे। अभी तक 26 शव बरामद किए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

डामटा में बस के खाई में गिरते ही अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जिसने भी इस दर्दनाक हादसे के बारे में सुना, दौड़ा चला आया। हादसे का शिकार हुई बस के परखच्चे उड़ गए। वहीं, जमीन शवों से पट गई। मंजर देख लोगों की रूह कांप गई। थानाध्यक्ष पुरोला अशोक कुमार ने बताया कि वह स्वयं घटना स्थल पर हैं। बस डेढ़ सौ से दो सौ मीटर गहरी खाई में गिरी, जिसके परखच्चे उड़ गए। 26 यात्रियों के शवों को बरामद कर लिया गया है।

 बस में कुल 28 यात्री थे। गहरी खाई और अंधेरे की वजह से शवों को सड़क तक पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। अभी सिर्फ दो शव ही सड़क तक पहुंचाए गए हैं। हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। कहा कि उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता हूं।

राज्य सरकार की देख-रेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है।  प्रधानमंत्री ने मुआवजा देने का एलान किया है। दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ की ओर से दो-दो लाख और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Rajasthan