https://www.choptaplus.in/

भिवानी में दर्दनाक हादसा: शोक जताने जा रहे परिवार की गाड़ी पेड़ से टकराई, 3 महिलाओं की मौत, 16 घायल।

Bhiwani Accident News: कलिंगा गांव के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में तीन महिलाओं ने गंवाई जान।
 
भिवानी के चौधरी बंसीलाल अस्पताल में सड़क हादसे के बाद घायलों का हाल जानने पहुंचे डीसी साहिल गुप्ता।

भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले में रविवार का दिन एक परिवार के लिए बेहद मनहूस साबित हुआ। जिले के नवा धिराणा गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की 3 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के सदस्य एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) में सवार होकर शोक जताने के लिए जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को भिवानी के चौधरी बंसीलाल अस्पताल में भर्ती कराया है।

अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया वाहन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिवानी के कलिंगा गांव के कुछ लोग रविवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे टाटा ऐस में सवार होकर रामपुरा डुडीवाला गांव में एक गमी (शोक) में शामिल होने जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी नवा धिराणा ढाणी के पास पहुंची, तभी ड्राइवर ने वाहन से अचानक नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार टाटा ऐस सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार 15-16 लोग बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों और घायलों के साथियों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी और एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही पिकअप गाड़ी की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Bhiwani Road Accident Nawa Dhirana 3 Dead

कलिंगा गांव की 3 महिलाओं ने तोड़ा दम

इस दर्दनाक हादसे में कलिंगा गांव निवासी तीन महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मूर्ति (60), कृष्णा (65) और फूलवती (62) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में शिवकुमार, वेदप्रकाश, बनीता, नरेश, बीरमती, सत्यनारायण, शीला, संतोष, बलराम, नेहा, तनु, गोविंद, दुष्यंत, पुरुषोत्तम और सुनीता शामिल हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।

DC साहिल गुप्ता पहुंचे अस्पताल, 4 की हालत गंभीर

हादसे की सूचना मिलते ही भिवानी के डीसी (DC) साहिल गुप्ता दोपहर बाद चौधरी बंसीलाल सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने बताया, "इस दुखद हादसे में 3 महिलाओं की जान गई है और 16 लोग घायल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम इलाज में जुटी हुई है। सीएमओ के निर्देशन में प्रॉपर व्यवस्था की गई है। जिन मरीजों की हालत ज्यादा गंभीर है, उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जा रहा है।"

सिविल अस्पताल के डॉक्टर मनीष श्योराण ने बताया कि इमरजेंसी में 15-16 घायल लाए गए थे, जिनमें से 3 को मृत घोषित कर दिया गया। 4 मरीजों की हालत अभी क्रिटिकल है और उनका क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज चल रहा है। हेड और चेस्ट इंजरी की गंभीरता जांचने के लिए सीटी स्कैन करवाया जा रहा है।
 

Rajasthan