https://www.choptaplus.in/

एक ही रात में खेतों से चोरी हुई 25 मोटरें, बेबस किसानों ने चोरों से करी दिल को झकझोर देने वाली अपील

 
फरीदकोट के गांव पक्की कलां में खेतों से ट्यूबवेल मोटर चोरी होने के बाद टूटे हुए सामान के पास खड़े परेशान किसान

फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव पक्की कलां में लगातार हो रही टयूबवेल मोटरों की चोरी से परेशान किसानों ने चोरों के सामने एक अनोखी और मजबूरी भरी पेशकश रखी है। 

किसानों ने चोरों से अपील की है कि वे खेतों से मोटरें चुराने की बजाय अपना क्यूआर (QR) कोड या यूपीआई स्कैनर वहां लगा दें, गांव वाले खुद पैसे इकट्ठे करके उनके खाते में डाल देंगे। यह नौबत तब आई जब बीती रात चोरों के एक गिरोह ने गांव के खेतों से एक ही रात में करीब 25 मोटरें चुरा लीं।

धान की रोपाई के इस बेहद जरूरी समय में मोटरों के चोरी होने से किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हर साल हो रहे लाखों रुपये के नुकसान और पुलिस-प्रशासन की नाकामी से हताश होकर किसानों ने अपना दर्द बताने के लिए एक पोस्टर तैयार किया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। 

किसानों का साफ कहना है कि चोरी की वजह से उनका पूरा कृषि चक्र बिगड़ जाता है और मानसिक तनाव भी बढ़ता है, इसलिए उन्होंने चोरों से हाथ जोड़कर कहा है कि खेती की मशीनों को नुकसान न पहुंचाएं और बदले में पैसे ले लें।

सुरक्षा के लिहाज से पहले गांव के किसान और मजदूर अपनी मोटरों की रखवाली के लिए रात के समय खेतों में बने कमरों में सोते थे। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। जानकारी के मुताबिक, मोटर चुराने वाले ये गिरोह 10 से 12 लोगों के होते हैं और अक्सर हथियारों से लैस होते हैं। ऐसे में हथियारबंद चोरों के डर से अब लोग रात के अंधेरे में सुनसान खेतों की तरफ जाने से घबराने लगे हैं।

सेमग्रस्त बंजर जमीन से कमाई का नया फॉर्मूला, किसान ईश्वर कड़वासरा का अनोखा प्रयोग सफल

पुलिस की जांच और पहले पकड़े गए मामलों से यह बात सामने आई है कि ये गिरोह खेतों से मोटरें उखाड़कर उन्हें तोड़ते हैं और फिर तांबे और लोहे के लालच में कबाड़ियों को सस्ते दाम में बेच देते हैं। पुलिस ने पहले भी कई बार कबाड़ियों की दुकानों से चोरी की गई मोटरें बरामद की हैं। लेकिन पक्की कलां गांव में एक ही रात में 25 मोटरों की चोरी ने इलाके की कानून-व्यवस्था और पुलिस की रात की गश्त पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
 

Rajasthan