https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में फसल खरीद के नए नियमों के खिलाफ किसानों के आई JJP, डबवाली अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन

 
JJP leader Sarvjeet Singh Masitan leading protest against new mandi rules in Dabwali

डबवाली: राज्य सरकार द्वारा अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों पर थोपी गई नई शर्तों के खिलाफ बुधवार को जेजेपी ने डबवाली अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन किया। जेजेपी के राष्ट्रीय सचिव सर्वजीत सिंह मसीतां के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के नाम नायब तहसीलदार सुभाष चंद्र को एक मांगपत्र सौंपकर सरकार से गैरतार्किक शर्तों को तुरंत हटाने की मांग की।

JJP Farmer Protest Dabwali Mandi

इस मौके पर जेजेपी नेता सर्वजीत सिंह मसीतां ने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बायोमैट्रिक हाजिरी और ट्रैक्टर नंबर प्रणाली के कारण खरीद प्रक्रिया बेहद धीमी हो रही है, जिससे मंडियों में किसानों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मसीतां ने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और उसकी समस्याओं का समय रहते समाधान होना बेहद जरूरी है।

दरअसल, हरियाणा सरकार ने रबी सीजन 2026 के लिए फसल खरीद के कई नए और सख्त नियम लागू किए हैं, जिसमें किसानों के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और उनके वाहनों पर फ्रंट नंबर प्लेट अनिवार्य कर दी गई है। इसके अलावा, ई-खरीद पोर्टल में लगातार तकनीकी खराबी आ रही है, जिससे गेट पास जारी नहीं हो पा रहे और खरीद प्रक्रिया ठप हो गई है। किसानों का आरोप है कि इन नियमों से उनका शोषण हो रहा है और पहले से बेमौसमी बारिश से बर्बाद फसल का दुख और बढ़ गया है।

हरियाणा में शुरू हुई मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना, मिलेगी 500000 रुपये तक की सहायता

जेजेपी नेता मसीतां ने शासन प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जेजेपी कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने पर विवश होगा। उन्होंने पुरानी खरीद प्रक्रिया को पुनर्जीवित करने की मांग की ताकि किसानों को तुरंत राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने व प्रदर्शन के दौरान सरदार जगरूप सिंह, रणवीर सिंह राणा, हलका प्रधान नरेंद्र बराड़, भीम सहारण, मनजीत सिंह पन्नीवाला, हरसिमरण सिंह बब्बू, सुखजिंद्र सिंह, हरबंस भीटीवाला, अशोक गर्ग, अमरनाथ बागड़ी, डॉ. राजेंद्र सुथार, बलबीर सिंह, अशोक सैनी, गुरपाल सिंह, गमदूर सिंह, बलबीर सिंह तिगड़ी, टेक सिंह चोरमार, जसपाल सिंह अलीकां, कृष्ण लाल, जसवीर नैन, गुरमीत सिंह चोरमार व रवि खुइयां सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
 

Rajasthan