किसानों के लिए खुशखबरी, 14 खरीफ फसलों की MSP बढ़ी, धान 2441 रुपये क्विंटल, जानें नई रेट लिस्ट
केंद्र सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें मजबूत आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में भारी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। इस कदम से किसानों को 2.60 लाख करोड़ रुपये का भुगतान होने का अनुमान है, जो कि कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़ा बूट्स माना जा रहा है।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि धान (सामान्य) की एमएसपी में 72 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसका नया भाव 2,369 रुपये से बढ़कर 2,441 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। वहीं धान की ग्रेड-ए किस्म का समर्थन मूल्य भी 72 रुपये बढ़ाकर 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। सरकार का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को उनकी उत्पादन लागत पर कम से कम 50 प्रतिशत का मुनाफा जरूर मिले।

इस बार एमएसपी वृद्धि में सबसे ज्यादा फायदा तिलहन और दलहन उगाने वाले किसानों को हुआ है। इसका मुख्य कारण विदेशों से आयात पर भारत की निर्भरता को कम करना और किसानों को फसल विविधीकरण (Crop Diversification) के लिए प्रेरित करना है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल की तुलना में सूरजमुखी के बीज की एमएसपी में सबसे अधिक 622 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सूरजमुखी के बाद कपास (मध्यम रेशा) की एमएसपी में 557 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे इसका नया भाव 8,267 रुपये हो गया है। वहीं नाइजर बीज (रामतिल) में 515 रुपये और तिल में 500 रुपये प्रति क्विंटल का इजाफा किया गया है। दलहन फसलों की बात करें तो अरहर (तूर) की एमएसपी 450 रुपये बढ़ाकर 8,450 रुपये और उड़द की एमएसपी 400 रुपये बढ़ाकर 8,200 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है। सोयाबीन (पीला) का दाम भी 380 रुपये बढ़ाकर 5,708 रुपये तय किया गया है।
सरकार की ओर से साझा किए गए नए अपडेट के अनुसार, किसानों को उत्पादन लागत पर सबसे ज्यादा मुनाफा मूंग की फसल (61 प्रतिशत) पर होने का अनुमान है। इसके बाद बाजरा और मक्का उगाने वाले किसानों को लागत पर 56 प्रतिशत तथा अरहर किसानों को 54 प्रतिशत का मार्जिन मिलेगा। अन्य प्रमुख फसलों में बाजरा की एमएसपी 125 रुपये बढ़ाकर 2,900 रुपये और मक्का की एमएसपी 10 रुपये बढ़ाकर 2,410 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है।
कृषि लागत और मूल्य आयोग (CACP) की सिफारिशों पर लिए गए इस फैसले के बाद आगामी सीजन में सरकार 824.41 लाख मीट्रिक टन (LMT) फसल की खरीद कर सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक दशक में सरकार ने एमएसपी के तौर पर किसानों को कुल 18.99 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम भुगतान किया है, जो कि पूर्ववर्ती 10 सालों में किए गए 4.75 लाख करोड़ रुपये के भुगतान के मुकाबले कई गुना ज्यादा है। यह नीति 2019 में लागू किए गए 50 फीसदी मुनाफे वाले नियम को दृढ़ता से आगे बढ़ा रही है।
