सिरसा किसान हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए सरकार:
सिरसा किसान हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए सरकार:
गिल कहा, तिलहन की खेती गंभीर संकट से गुजर रही
सिरसा। जननायक जनता पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शगनजीत सिंह गिल ने केंद्र सरकार से किसान हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है। गुरुवार को जारी बयान में जेजेपी किसान प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शगनजीत सिंह गिल ने कहा कि आज देश की तिलहन और अन्य फसलों की खेती गंभीर संकट से गुजर रही है।
लगातार बढ़ते सस्ते खाद्य तेल आयात के कारण देश के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। यह केवल सोयाबीन का मुद्दा नहीं, बल्कि सरसों, मूंगफली, सूरजमुखी सहित पूरी तिलहन खेती के भविष्य का भी सवाल है। गिल ने कहा कि यदि विदेशी सस्ता तेल भारतीय बाजार में अनियंत्रित रूप से आता रहा,
तो घरेलू किसान अपनी लागत भी नहीं निकाल पाएगा। सरकार को महंगाई नियंत्रण के साथ-साथ किसान की आय सुरक्षा का संतुलन भी बनाए रखना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि तिलहन फसलों पर प्रभावी और सुनिश्चित एमएसपी खरीद व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही सस्ते खाद्य तेल आयात पर संतुलित शुल्क नीति बनाई जाए ताकि घरेलू बाजार सुरक्षित रहे।
किसानों को प्रोसेसिंग और ब्रांडिंग में भागीदारी का अवसर दिया जाए। इसके अलावा खाद्य-तेल आत्मनिर्भरता को राष्ट्रीय प्राथमिकता घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश का किसान केवल उत्पादन ही नहीं करता, बल्कि वह देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ है। यदि किसान कमजोर होगा तो राष्ट्र की अर्थव्यवस्था भी कमजोर होगी।
