https://www.choptaplus.in/

CMRJ राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरां में 7 मई से नए सत्र में दाखिले शुरू, जाने कोर्स, फीस, और रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स

 
CMRJ Govt College Mithi Sureran admission details for academic session 2026-27 CMRJ College Mithi Sureran Admission

CMRJ Admission 2026: चौधरी मनीराम झोरड़ (सीएमआरजे) राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरां में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आगामी 7 मई से सेंट्रलाइज्ड पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा, जो 31 मई तक चलेगा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने दाखिला प्रक्रिया के लिए सभी प्राध्यापकों की ड्यूटियां निर्धारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस वर्ष हरियाणा सरकार की नीति के तहत स्नातक स्तर पर दाखिला लेने वाली छात्राओं की ट्यूशन फीस पूरी तरह से माफ रहेगी।

दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को राज्य सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर अपना फॉर्म सबमिट करना होगा। प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थी पंजीकरण के समय केवल अपना स्थायी व्यक्तिगत मोबाइल नंबर ही दर्ज करें, क्योंकि आगामी तीन वर्षों तक कॉलेज से संबंधित सभी महत्वपूर्ण संदेश व शैक्षणिक जानकारी उसी नंबर पर भेजी जाएगी। उन्होंने डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील करते हुए बताया कि दाखिले के लिए परिवार पहचान पत्र (PPP), आधार कार्ड, 10वीं व 12वीं के प्रमाण पत्र, रिहायशी व जाति प्रमाण पत्र, और छह माह के भीतर बना आय प्रमाण पत्र (बीसी वर्ग के लिए 2.5 लाख तक की सीमा) सहित 15 प्रमुख दस्तावेजों का होना अनिवार्य है। इसके अलावा बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और गैप ईयर या ओपन स्कूल वाले विद्यार्थियों को सरपंच अथवा वार्ड एमसी से प्रमाणित चरित्र प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

CMRJ College Mithi Sureran Admission

महाविद्यालय में सीटों का विवरण

महाविद्यालय के एडमिशन नोडल ऑफिसर प्रो. प्रवीण कुमार के अनुसार, नए सत्र के लिए कला संकाय (आर्ट्स) में सर्वाधिक 240 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त वाणिज्य (कॉमर्स) और बीएससी (नॉन-मेडिकल) में 40-40 सीटें तथा स्नातकोत्तर (एमए हिंदी) में भी 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। महाविद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, अर्थशास्त्र, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान व मनोविज्ञान जैसे कला विषयों के साथ-साथ विज्ञान व वाणिज्य संकाय के सभी विषयों की बेहतरीन शिक्षा दी जा रही है। प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतया 12वीं कक्षा के अंकों की मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी।

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गुसाईआना गांव से लाखों की हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं

ग्रामीण अंचल के इस महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। परिसर में वातानुकूलित लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, अति-आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल और स्वच्छ पेयजल के साथ कैंटीन की सुविधा उपलब्ध है। छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष 'फ्री पिंक बस सेवा' का सुचारू संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही कॉलेज स्तर पर ही छात्रों के लिए लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट बनवाने की सुविधा भी दी जा रही है। विज्ञान के छात्रों के लिए 'पोज स्कॉलरशिप' (POSE) के अलावा एससी/बीसी, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति व हरियाणा मेरिट छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं का लाभ भी पात्र विद्यार्थियों को सीधा मिलेगा। दाखिले से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए कॉलेज परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित कर संपर्क सूत्र (9355626548, 9466731248, 7015139720, 9466615917, 9971164381) जारी कर दिए गए हैं।
 

Rajasthan