शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान पर डॉ. कुलदीप कौर आनंद सम्मानित
ओढ़ां | शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं निरंतर योगदान के लिए माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान, ओढ़ां की प्रबंध निदेशिका डॉ. कुलदीप कौर आनंद को हरियाणा के माननीय राज्यपाल आशिम कुमार घोष द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें चंडीगढ़ में आयोजित स्कूल लीडर्स समिट 2026 के भव्य मंच पर प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दी टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप (बेनट एंड कोलमैन) द्वारा नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स अलायंस (निसा) के सहयोग से किया गया था।
इस प्रतिष्ठित समिट में देशभर से बड़ी संख्या में नामी शिक्षाविद, शिक्षा नीति-निर्माता, स्कूल संचालक, संस्थागत नेतृत्वकर्ता एवं शिक्षा विशेषज्ञ शामिल हुए। मंच से राज्यपाल आशिम कुमार घोष ने डॉ. कुलदीप कौर आनंद को राष्ट्रीय स्तरीय सम्मान प्रदान करते हुए उनके शैक्षणिक नेतृत्व, संस्थागत सुदृढ़ीकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए सतत प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. कुलदीप कौर आनंद का कार्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम भी बन रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की उनकी सोच आज कई संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त होने के बाद डॉ. कुलदीप कौर आनंद को शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों की ओर से लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं। इस अवसर पर डॉ. आनंद ने इस सम्मान को संस्थान के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सम्पूर्ण एमएचडी परिवार को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संस्था से जुड़े हर सदस्य की मेहनत, समर्पण और साझा दृष्टि का परिणाम है।
डॉ. आनंद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी वे शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्ता और समावेशिता को प्राथमिकता देते हुए कार्य करती रहेंगी। उनका उद्देश्य है कि शिक्षा समाज के हर वर्ग तक पहुँचे और विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
इस अवसर पर माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान के सचिव मंदर सिंह सरां, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत, डॉ. अभिलाषा शर्मा, डॉ. एल.डी. जैना सहित अन्य सदस्यों ने डॉ. कुलदीप कौर आनंद को बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. आनंद के दूरदर्शी नेतृत्व और अथक परिश्रम से संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है और आज बुलंदियों को छू रहा है।
फोटो: राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त करतीं डॉ. कुलदीप कौर आनंद।
