हरियाणा बोर्ड की 10वीं-12वीं रिजल्ट को लेकर बड़ी अपडेट, 2 अप्रैल से कॉपियों की जांच शुरू, इस दिन आएगा परिणाम
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 10वीं, 12वीं और डीएलएड की परीक्षा परिणामों को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। बोर्ड ने जल्द से जल्द रिजल्ट जारी करने के लिए कॉपियां जांचने की पूरी तैयारी कर ली है। आगामी 2 अप्रैल 2026 से पूरे प्रदेश में 131 सेंटरों पर कॉपियां जांचने का काम शुरू हो जाएगा। बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि यह काम तेजी से पूरा किया जाएगा ताकि मई के दूसरे सप्ताह में 'इन परीक्षाओं का परिणाम घोषित किया जा सके।
बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) की कॉपियां जांचने के लिए प्रदेश भर में 52 सेंटर बनाए गए हैं। वहीं, 10वीं (सेकेंडरी) क्लास की कॉपियां 75 सेंटरों पर जांची जाएंगी। इसके अलावा डीएलएड परीक्षा की कॉपियों के लिए 4 अलग सेंटर तय किए गए हैं।
शिक्षकों को कॉपियां जांचने के लिए ज्यादा दूर न जाना पड़े, इसका खास ख्याल बोर्ड ने रखा है। सभी सेंटर जिला मुख्यालयों और अलग-अलग सब-डिवीजन स्तर पर बनाए गए हैं। इससे शिक्षकों के समय की बचत होगी और जांचने का काम बिना किसी रुकावट के लगातार चलता रहेगा।
डॉ. पवन कुमार ने साफ किया कि कॉपियों की जांच पूरी तरह से पारदर्शी होगी। इसके लिए सभी सेंटरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से हर वक्त नजर रखी जाएगी। बोर्ड की तरफ से सेंटरों पर जरूरत के हिसाब से पर्याप्त स्टाफ भी तैनात किया जा रहा है ताकि किसी तरह की चूक न हो।
चेयरमैन ने सभी ड्यूटी वाले शिक्षकों से अपील की है कि वे तय समय पर अपने सेंटर पर पहुंचे और अपना काम पूरी जिम्मेदारी से करें। कॉपियां जांचने का यह काम 2 अप्रैल से शुरू होकर एक तय समय-सीमा के भीतर खत्म कर लिया जाएगा। इस तेजी के कारण ही बोर्ड मई के दूसरे हफ्ते में छात्रों का रिजल्ट जारी करने की स्थिति में होगा।
