हरियाणा बोर्ड 12वीं विशेष सुधार परीक्षा का रिजल्ट जारी, 99.96% बच्चे पास, ऐसे देखें अपना स्कोर
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा की विशेष अंक सुधार परीक्षा का इंतजार खत्म कर दिया है। बोर्ड ने बुधवार को इस परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार बोर्ड की नियमित परीक्षा का रिजल्ट 99.96 फीसदी रहा है, जबकि मुक्त विद्यालय (ओपन स्कूल) का परिणाम पूरे 100 प्रतिशत रहा।
यह परीक्षाएं इसी साल 21 जनवरी से 31 जनवरी के बीच आयोजित की गई थीं। इसके लिए प्रदेश भर में 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस विशेष परीक्षा में कुल 2685 छात्र शामिल हुए थे। जो छात्र अपने पुराने नंबरों से खुश नहीं थे, उन्हें इस परीक्षा के जरिए अपना स्कोर सुधारने का एक और मौका दिया गया था।
डॉ. पवन कुमार ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर सेकेंडरी की मुख्य परीक्षा में 2573 छात्र बैठे थे। इनमें से 2572 छात्र अपने अंक सुधारने में सफल रहे। वहीं ओपन स्कूल की बात करें तो वहां 64 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और सभी के सभी पास हुए हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी नई मार्कशीट चेक कर सकते हैं।
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर जाना होगा। वहां अपना रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर या माता-पिता का नाम और जन्मतिथि भरकर परिणाम देखा जा सकता है। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी सफल छात्रों को उनके बेहतर भविष्य के लिए बधाई भी दी है।
