हरियाणा के गुरुग्राम में 2 दिल दहला देने वाली ख़बरें, पढकर रोंगटें खड़े हो जाएंगे Crime news
1 नौकर ने मालिक को मार डाला
2 मां ने अपनी ढाई साल की बेटी को उतारा मौत के घाट
1 नौकर ने मालिक को मार डाला
2 मां ने अपनी ढाई साल की बेटी को उतारा मौत के घाट
Crime news हरियाणा के गुरुग्राम में सोहना क्षेत्र में फार्म हाउस में देखभाल करने वाले नौकर ने तेजधार हथियार से मालिक की हत्या कर दी। हत्या करके वह छिपने के लिए दिल्ली भाग गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार छह अप्रैल सोमवार को पुलिस चौकी निमोठ थाना सदर सोहना में एक सूचना मिली कि सोहना बल्लभगढ़ रोड हरचंदपुर बस अड्डे के पास एक फार्म हाउस में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान राहुल (उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा सीन ऑफ क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया।
मृतक के भाई ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका हरचंदपुर बस अड्डे पर एक फार्म हाउस है। जिसमें कुछ कमरे बने हुए हैं। फार्म हाउस की देखभाल के लिए खेमचंद नामक व्यक्ति को रखा हुआ था। पांच अप्रैल को उसका भाई एक व्यक्ति के साथ फार्म हाउस पर गया था। वह व्यक्ति उसके भाई को फार्म हाउस पर छोड़कर चला गया। छह अप्रैल को उस व्यक्ति ने सूचना दी कि उसके भाई राहुल की फार्म हाउस पर किसी ने हत्या कर दी है। वहां काम करने वाले व्यक्ति खेमचंद को देखा तो वह वहां पर नहीं था। उसका फोन भी बंद आ रहा था।
आशंका हुई कि खेमचंद ने ही तेजधार हथियार से उसके भाई की हत्या की है। शिकायत पर थाना सदर सोहना गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। अपराध शाखा सोहना की टीम ने आरोपी को मंगलवार की सुबह दिल्ली से काबू किया। आरोपी की पहचान खेमचंद (उम्र-65 वर्ष) निवासी जिला बुलंदशहर (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी फॉर्महाउस में लगभग 20 वर्षों से कार्य कर रहा था। डेढ़ वर्ष पहले किसी कहासुनी को लेकर वह काम छोड़ कर चला गया था। आरोपी बीच बीच में काम करने के लिए आता रहता था। अब लगभग दो महीने पहले आया था। राहुल आरोपी के साथ मारपीट करता था। इसी रंजिश में उसने वहीं रखे हुए दरांत (तेजधार हथियार) से राहुल की गर्दन पर कई बार वार करके उसकी हत्या कर दी और दिल्ली भाग गया। पुलिस टीम द्वारा वारदात में प्रयोग किया गया तेजधार हथियार घटनास्थल से बरामद किया गया है।
दूसरी घटना --
एक महिला ने अपनी ढाई साल की बच्ची की हत्या करके खुद कैंची से गला काट लिया। ड्यूटी से लौटे पति ने अपनी पत्नी व बेटी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से झगड़ा हुआ था।
इसी झगड़े का विवाद बढ़ा तो महिला ने इस घटना को अंजाम दिया। बच्ची के पिता आधार शर्मा के मुताबिक, वह मूलरूप से यूपी के बिजनौर के रहने वाले हैं। चार साल पहले नेहा से शादी हुई थी। बेटी अनिका की उम्र ढाई साल थी। आधार गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते हैं। वर्तमान में वे सूर्य विहार में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह तो ड्यूटी पर चला गया था। छुट्टी के बाद इस वारदात का पता चला। बच्ची के शरीर पर चोटों के निशान हैं। अंदाजा है कि बच्ची को बेरहमी से मारा गया।
सोमवार सुबह जब ड्यूटी पर निकले तो पत्नी व बेटी ठीक थीं। शाम करीब छह बजे जब वे ऑफिस से घर लौटे। इस दौरान कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो उनकी ढाई साल की बेटी अनिका और पत्नी नेहा बेहोश हालत में पड़ी हुई थी। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे और नेहा के गले पर गहरी चोट लगी थी। आधार शर्मा के मुताबिक उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोनों को आर्टेमिस अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान ढाई साल की अनिका को मृत घोषित कर दिया। नेहा शर्मा की हालत अभी भी गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आधार शर्मा ने शंका जाहिर की कि उसकी पत्नी नेहा ने बच्ची को मारा है। खुद का गला काटकर जान देने की कोशिश की। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने अंदेशा जताया कि सोमवार को आधार व नेहा में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, उसी के बाद यह वारदात हुई।
पहले भी दोनों के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि नेहा ने बच्ची की हत्या के बाद खुद जान देने की कोशिश की है, या कुछ और हुआ। सेक्टर-9 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह ने घटना की प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को मुख्य कारण माना है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर सबूत एकत्रित किए। जांच में यह भी पता चला है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या किस हथियार से की गई और क्या कोई प्लानिंग थी। पुलिस नेहा शर्मा का स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद उससे पूछताछ करेगी।
