https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में ठंड ने चौंकाया:आज शाम बूंदाबांदी के आसार, 2 दिन राहत, फिर शीतलहर

11 जनवरी की शाम से मौसम में बदलाव हाेगा और कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदीदेखने को मिलेगी
 
kohra

हरियाणा में लोग लगातार 11 दिन से हाड़ फोड़ ठंड का सामना कर रहे हैं। मंगलवार सुबह ठंड से मामूली राहत मिली, लेकिन घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित रखा। सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में विजिबिलिटी 5 से 10 मीटर रही। ग्रामीण क्षेत्रों में तो कोहरा पानी की तरह टपका है। यह पहला मौका है जबकि प्रदेश के लोगों को एक 11 दिनों तक लंबी सूखी ठंड से जूझना पड़ रहा है। 11 जनवरी की शाम से मौसम में बदलाव हाेगा और कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी देखने को मिलेगी।

 

इस बीच 4.6 डिग्री न्यूनतम पारे के साथ नारनौल प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में ओवरऑल 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। लोग अभी ठंड से ठिठुर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 6 सेंटरों पर तापमान जहां 9 डिग्री से उपर रिकॉर्ड हुआ है, वहीं 5 जिलों में यह 8 से 9 डिग्री रहा। अब केवल नारनौल और भिवानी ही ऐसे 2 जिले हैं, जहां पारा 5 डिग्री से नीचे है।

 

मौसम विभाग का आकलन है कि 11 जनवरी से अगले 4 दिनों के लिए तापमान में बढ़ोतरी रहेगी। हालांकि इन दिनों में कोल्ड डे तो नहीं रहेगा, लेकिन आधे से ज्यादा हरियाणा घने कोहरे की चपेट में जरूर रहेगा। बुधवार को कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, रोहतक और सोनीपत में ठंड का कुछ प्रभाव बना रहेगा। हालांकि शाम से कुछ क्षेत्रों में मौसम बदलेगा और बूंदाबांदी की संभावना रहेगी

 

आज से पश्चिम विक्षोभ का असर

मौसम विशेषज्ञों ने जानकारी दी है कि बुधवार को एक प्रभावशाली पश्चिमी विक्षोभ का असर उतर भारत में पड़ने वाला है। इससे हरियाणा के कई जिलों में 3 दिनों तक हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। बारिश होती हे तो लोगों को सूखी ठंड से कुछ हद तक छुटकारा मिलेगा।

 

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में पश्चिम विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम 11 जनवरी दोपहर बाद से 13 जनवरी तक परिवर्तनशील रहेगा। बीच- बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। हवा में बदलाव उत्तर पश्चिमी से पुरवाई होने की संभावना है। इससे वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ सकती है।

14 जनवरी से शीत लहर

उन्होंने बताया कि राज्य के उत्तरी तथा उत्तर पश्चिमी जिलों में 11जनवरी देर रात्रि या 12 जनवरी को कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की भी संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। परंतु 14जनवरी से राज्य में मौसम खुश्क रहने और उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने की संभावना बन रही है।

 

आगे ऐसा रहेगा मौसम

वैदर एंड क्लाइमेट नॉर्थ इंडिया ने जानकारी दी है कि 11 जनवरी को पंजाब के सभी भाग और हरियाणा के कुछ भाग में शाम के समय बादलों के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखी जा सकती है। जबकि 12 और 13 जनवरी को पंजाब के कुछ भाग और हरियाणा, दिल्ली/एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की गतिविधियां भी देखने को मिलेगी।

16 जनवरी से फिर जबरदस्त ठंड

13 जनवरी की शाम से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होकर आगे निकल जायेगा। जिसके बाद एक बार फिर 14 जनवरी से कड़ाके की ठंड शुरू होगी और 16-17 जनवरी से पूरा उत्तर भारत एक बार फिर से जबरदस्त ठंड की चपेट में आ जायेगा और सुबह का तापमान कई जगहों पर शून्य डिग्री तक देखा जाएगा।

 

Rajasthan