हिसार मल्टीपर्पज ड्रेन को बांधने के दौरान एक व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत, रामसरा के पास टूट गया था सेमनाला
फतेहाबाद, टोहाना, जाखल, भूना के शहरी व ग्रामीण एरिया में तेज बारिश हुई है। गांव रामसरा में गुरुवार सुबह हिसार मल्टीपर्पज चैनल ड्रेन टूट गई। इससे खेतों में पानी भर गया। किसान अपने स्तर पर ही ड्रेन को बांधने में लगे। बाद में अधिकारी पहुंचे।
ड्रेन को बांधने के दौरान मनरेगा मजदूर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव ढिंगसरा निवासी निगे सिंह (42) के तौर पर हुई है। ड्रेन की मरम्मत के लिए आसपास के गांवों से भी मनरेगा मजदूर बुलाए गए थे। इनके साथ निगे सिंह भी आया हुआ था। ड्रेन को बांधने के लिए आसपास के गांवों से भारी संख्या में मनरेगा मजदूर बुलाए गए।
200 से अधिक ग्रामीण व मनरेगा मजदूर जुटे
इनके साथ गांव के ही 200 से अधिक किसान जुटे। करीब छह घंटे बाद भी ड्रेन को बांधने के काम में लगे रहे। भूना शहर के काफी इलाकों में अभी भी जलभराव बरकरार है। तेज बारिश आने पर जलभराव होने से स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। मौसम साफ रहने पर ही जलभराव जल्दी खत्म हो पाएगा। बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है।
फतेहाबाद जिले में आज फिर घग्गर नदी का जलस्तर 200 क्यूसेक बढ़ा है। बुधवार को जहां 14200 क्यूसेक पानी था, वहीं अब बढ़कर 14400 हो गया है।
