https://www.choptaplus.in/

खेड़ी चौपटा में हादसा: अनियंत्रित पानी का टैंकर महिलाओं पर पलटा, एक की मौत

खेड़ी चौपटा-बरवाला रोड पर स्थित राजकीय विद्यालय के निकट यह हादसा हुआ
 
खेड़ी चौपटा में हादसा

हांसी। क्षेत्र के गांव खेड़ी चौपटा में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं लकड़ी लेने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान एक पानी का टैंकर अनियंत्रित होकर उनके ऊपर पलट गया।

मृतक महिला की पहचान गांव खेड़ी जालब निवासी 44 वर्षीय सरोज के रूप में हुई है, जबकि हादसे में घायल 40 वर्षीय संध्या को उपचार के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9:30 बजे खेड़ी चौपटा-बरवाला रोड पर स्थित राजकीय विद्यालय के निकट यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सड़क किनारे लकड़ी लेने जा रही थीं। इसी दौरान पानी से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और पलटकर महिलाओं पर जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि सरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संध्या गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार सरोज अपने पति की मृत्यु के बाद अपने मायके खेड़ी जालब में अपनी मां के साथ रह रही थी। उसका एक बेटा भी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल प्रदीप ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयानों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Rajasthan