डॉ. अजय चौटाला ने ऐलनाबाद, रानियां हलकों में किया जनसंपर्क, 7 दिसंबर को जुलाना रैली का दिया निमंत्रण
सिरसा। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह से उदासीन व संवेदनहीन है जिसका खामियाजा प्रदेश के लाखों किसानों को उठाना पड़ रहा है। वे मंगलवार को ऐलनाबाद व रानियां हलके के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों को आगामी 7 दिसंबर को पार्टी के 8वें स्थापना दिवस पर जुलाना में आयोजित होने वाली विशाल रैली के लिए आमंत्रित कर रहे थे।
गांव रामपुरा बगडिय़ा, शाहपुरिया, बकरियांवाली, उमेदपुरा, खारी सुरेरां, नीमला, करीवाला, नकौड़ा, कुस्सर, खारियां, पीरखेड़ा व खुइयां नेपालपुर में ग्रामीणों से रूबरू होते हुए डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पिछले कुछ समय पूर्व हरियाणा में हुई बेमौसमी बरसात व बाढ़ के कारण खेतों में आज भी जलभराव है जिसे निकालने में राज्य सरकार की ओर से महज आश्वासन ही मिले, धरातल पर
कोई काम नहीं हुआ।
उसका नतीजा अब ये है कि प्रभावित किसान अब अपनी गेहूं की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं जिससे उत्पादन पूरी तरह से प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि शासन में रहते हुए जननायक जनता पार्टी ने ही ऐसी व्यवस्था बनाई थी कि किसानों को आर्थिक सबलता मिली थी।
उन्होंने कहा कि अब राजनीतिक व्यवस्था परिवर्तित करने के लिए यह जरूरी है कि सभी मिलकर जेजेपी संगठन को पहले से भी अधिक मजबूत बनाएं ताकि सत्तासीन होने के बाद फिर से हरियाणा को सही मायने में विकसित पथ पर अग्रसर किया जा सके।
इस जनसंपर्क अभियान में डॉ. अजय सिह चौटाला के साथ जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, ऐलनाबाद हलकाध्यक्ष अनिल कासनिया, जेजेपी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अंजनी लढा, पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र बेनीवाल सुरेंद्र भागीराम एडवोकेट, राजवीर रोड, राजेंद्र कसवां एडवोकेट, हनुमाल कासनियां, सुरजीत ढिल्लों, राममूर्ति ढिल्लों, राजेश झोरड़, कृष्ण शाहपुरिया, मौजीराम जांगड़ा व रणधीर ढिल्लों सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
