https://www.choptaplus.in/

हरियाणा के हांसी में दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर, हालत गंभीर

 
हांसी में दिग्विजय चौटाला के काफिले की गाड़ी ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, सड़क पर गिरते ही हुए बेहोश

जींद 12 मार्च। हरियाणा के हांसी में जींद रोड पर जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के काफिले की एक गाड़ी ने स्कूटी सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए, जिन्हें जेजेपी वर्करों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल उनकी हालत सीरियस बनी हुई है।

घायल बुजुर्ग की पहचान हांसी की दयाल सिंह कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय बसाउदीन के रूप में हुई है। वह किसी काम के सिलसिले में हांसी कोर्ट की तरफ जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिग्विजय के काफिले में चल रही गाड़ी से टक्कर लगते ही बुजुर्ग की स्कूटी दूर जाकर गिरी और वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें छाती और सिर में गुम चोट लगी है।

हादसे के तुरंत बाद दिग्विजय चौटाला के सुरक्षाकर्मियों ने घायल बुजुर्ग को सड़क किनारे लेटाकर उनके हाथ-पैरों पर मालिश की। इसके बाद जेजेपी वर्करों ने ही घायल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों का कहना है कि चेकअप के बाद ही उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट तौर पर बताया जा सकता है। दिग्विजय चौटाला 13 मार्च को हांसी की अनाज मंडी में होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे, इसी दौरान हांसी-जींद रोड पर यह दुर्घटना घटित हुई।
 

Rajasthan