https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में अब बस स्टैंड पर रील बनाना पड़ सकता है भारी, विभाग ने जारी किए सख्त आदेश

 
A youth named Raman dancing obscenely at Tohana bus stand in Fatehabad, which went viral and led to a Fatehabad reel ban

सिरसा (चोपटा प्लस): फतेहाबाद जिले के टोहाना बस स्टैंड पर एक युवक ने 'तू कादी पंजाबन जे तैनू नचना नि औंदा' गाने पर यात्रियों के सामने अश्लील डांस किया और इसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाल दिया। इस वीडियो को अब तक 30 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं, जिसके बाद फतेहाबाद जिले के सभी बस स्टैंड पर रील बनाने पर रोक लगा दी गई है। जनरल मैनेजर ऑफिस की तरफ से यह सख्त आदेश जारी किया गया है कि अगर कोई युवक-युवती बस स्टैंड पर वीडियो बनाते पकड़े गए तो उन्हें तुरंत रोका जाए और जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत दी जाए।

जीएम ऑफिस ने फतेहाबाद, टोहाना, जाखल, रतिया, भूना और भट्टू बस स्टैंड के इंचार्ज, यार्ड मास्टर और स्टाफ को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे ऐसे लोगों पर नजर रखें। लिखित आदेश में कहा गया है कि कुछ लोग बस स्टैंड पर फूहड़ और अव्यवस्थित तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं, जिससे विभाग की छवि खराब हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। अगर कोई व्यक्ति मना करने के बावजूद वीडियो बनाता है तो उसके खिलाफ नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

टोहाना बस स्टैंड पर डांस करने वाले युवक का नाम रमन है और उसके इंस्टाग्राम पर करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं। रमन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस तरह के डांस के कई वीडियो अपलोड किए हैं, जिनमें वह बस स्टैंड के अलावा सड़कों पर भी डांस करता दिख रहा है। फतेहाबाद डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने साफ किया है कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर वीडियो बनाने के लिए पूर्व अनुमति लेना जरूरी है और बस स्टैंड एक मुख्य सार्वजनिक स्थल है, जहां अनुशासन बेहद जरूरी है।

इस वायरल वीडियो के बाद हरियाणा रोडवेज ने बस स्टैंडों पर रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी जारी कर दी है कि ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। रमन के वीडियो की वजह से पूरे जिले में यह प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे यह संदेश गया है कि सोशल मीडिया की दुनिया में वायरल होने की चाहत में सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
 

Rajasthan