https://www.choptaplus.in/

Big Breaking हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन

 
chautala

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वे 89 साल के थे। शुक्रवार को वे गुरुग्राम में अपने घर पर थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद साढ़े 11 बजे उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लाया गया। करीब आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। चौटाला 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे।

 

 

आज शुक्रवार (20 दिसंबर) शाम तक उनका पार्थिव शरीर सिरसा स्थित उनके पैतृक गांव चौटाला लाया जाएगा। जहां उसे अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

सिरसा जिला के गांव चौटाला में हुआ था जन्म


ओम प्रकाश चौटाला का जन्म एक जनवरी 1935 को सिरसा के गांव चौटाला में हुआ था। चौटाला पांच बार हरियाणा के सीएम रहे। दो दिसंबर 1989 को चौटाला पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। वे 22 मई 1990 तक इस पद पर रहे। 12 जुलाई 1990 को चौटाला ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद को शपथ ली थी, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को दो माह में ही पद से हटा दिया गया था। हालांकि चौटाला को भी पांच दिन बाद ही पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। 22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार चौटाला ने सीएम पद संभाला। लेकिन दो हफ्ते बाद ही केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था।

 

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जताया शोक

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और INLD प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "...कांग्रेस की राजनीति में वे बहुत लंबे समय तक साथ रहे... विधानसभा में भी हम साथ रहे... उन्होंने अपने जीवन काल में जनता की सेवा की है... अभी तो वे राजनीति में भी सक्रिय थे...वे अच्छे व्यक्ति थे। हमारे संबंध अच्छे थे। वे मेरे बड़े भाई की भूमिका में थे।"

 

 

हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने जताया दुख :

 

पूर्व सीएम मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दुख प्रकट किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ''इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का निधन अत्यंत दुःखद है. मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की.देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें. ॐ शांति.''

Rajasthan