https://www.choptaplus.in/

गुरुग्राम पुलिस का एक्शन, 60 पुलिसकर्मी ने महज 60 मिनट में ढूंढ निकाले लापता हुए 2 बच्चे

 
गुरुग्राम के मानेसर में लापता बच्चों को तलाशने के लिए सीसीटीवी की जांच करती पुलिस टीम और रेस्क्यू का दृश्य।

हरियाणा| गुरुग्राम के मानेसर थाना क्षेत्र से शनिवार शाम लापता हुए दो मासूम बच्चों को पुलिस ने महज 60 मिनट के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। इस त्वरित तलाशी अभियान में 60 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर रात 11:30 बजे दोनों बच्चों को नाहरपुर इलाके से ढूंढ निकाला और उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की हर किसी ने सराहना की। परिजनों ने अपने बच्चों को पाकर पुलिस का ह्दय से आभार जताया।

जानकारी के अनुसार थाना मानेसर क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चे गुम हो गए थे। परिजनों द्वारा बच्चों के बारे मे दी गई सूचना के तुरंत बाद ही उनकी तलाश शुरू कर दी। उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी ललित ने अपने चार साल के पुत्र वीर तथा एटा निवासी विष्णु ने अपने छह साल के पुत्र काइरा के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। दोनों अभिभावकों ने बताया कि वे मजदूरी का कार्य करते हैं। शनिवार की देर शाम को काम से घर लौटने पर उनके बच्चे घर पर नहीं मिले। अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चला।

रात साढ़े 10 बजे उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही थाना मानेसर में ड्यूटी पर तैनात उप-निरीक्षक विनोद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रबंधक थाना मानेसर निरीक्षक सुधीर को अवगत कराया। प्रबंधक थाना मानेसर द्वारा विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ईआरवी, राइडर टीमों तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत बच्चों की तलाश शुरू कर दी।

तलाशी अभियान के दौरान 60 से अधिक पुलिसकर्मियों ने बच्चों के घर से लेकर आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। बच्चों के फोटो आसपास दिखाए। पुलिस टीम ने दोनों बच्चों को मानेसर के नाहरपुर क्षेत्र से मात्र एक घंटे के भीतर रात साढ़े 11 बजे सकुशल बरामद कर लिया।

Gurugram police news

बच्चों के मिलने के बाद उनके परिजनों को तत्काल सूचना देकर बच्चों को उनके सुपुर्द किया गया। पुलिस ने अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

Rajasthan