हरियाणा कर्मचारियों की मौज: सरकार ने बढ़ाया DA, जून में मिलेगा 4 महीने का एरियर
हरियाणा के 4 लाख कर्मचारियों की मौज: सरकार ने बढ़ाया DA, जून में मिलेगा 4 महीने का एरियरहरियाणा सरकार ने राज्य के 4 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
नायब सरकार के वित्त विभाग ने सातवें, छठे और पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन ले रहे कर्मचारियों के डीए में इजाफे का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। नई दरें 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएंगी, जिसका सीधा फायदा कर्मचारियों को उनके आगामी वेतन में देखने को मिलेगा।
वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता द्वारा जारी लेटर के अनुसार, सातवें वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। इसमें 2 प्रतिशत की सीधे वृद्धि की गई है। नए नियमों के तहत सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि डीए के भुगतान के दौरान 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले पूरे रुपये में गिना जाएगा (राउंड ऑफ), जबकि 50 पैसे से कम की राशि को नजरअंदाज कर दिया जाएगा।
सातवें वेतन आयोग के अलावा, पांचवें और छठे वेतन आयोग के कर्मचारियों को भी सरकार ने बड़ी राहत दी है। पांचवें वेतन आयोग के तहत काम कर रहे कर्मचारियों का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है, जिसमें 9 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है, यानी इसमें 5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ कर्मचारियों को मई महीने की सैलरी के साथ जुड़कर मिलेगा, जो अगले महीने जून में उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
इसके अलावा कर्मचारियों के लिए एक और बड़ी राहत यह है कि जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रैल यानी कुल चार महीने का बकाया एरियर भी जून के महीने में ही जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, वित्त विभाग ने अभी पांचवें और छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों (पेंशनर्स) के डीए में बढ़ोतरी का आदेश जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि इन पेंशनर्स के लिए जल्द ही अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।
