हरियाणा में गांव की लिंक सड़कें होंगी 18 फीट चौड़ी, हर 50 किलोमीटर पर लगेगा ईवी चार्जिंग स्टेशन
चंडीगढ़। हरियाणा में 12 फीट चौड़ी सभी ग्रामीण व लिंक सड़कों को अब 18 फीट चौड़ा किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में 3240 किलोमीटर लंबी लिंक सड़कों का इस योजना के तहत कायाकल्प होना है।
वर्तमान में 1696 किलोमीटर लंबी सड़कों को चौड़ा करने का काम चल रहा है। शेष बचे 1544 किलोमीटर हिस्से पर भी निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ 'हरियाणा विजन-2047' की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने सड़कों के किनारे साइन बोर्ड और सफेद पट्टी लगाने को अनिवार्य बताया है।
शहरी क्षेत्रों में किन जिलों में लगेगा पेवर ब्लॉक?
शहरों में उड़ने वाली धूल और प्रदूषण को कम करने के लिए सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक या घास लगाई जाएगी। प्रथम चरण के तहत 368 किलोमीटर लंबी 138 सड़कों की पहचान की गई है। नवंबर महीने तक सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पानीपत, रोहतक और करनाल जिलों में सड़कों के आसपास टाइलें लगाकर ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा।
रेलवे फाटक और बाईपास निर्माण की क्या है स्थिति?
प्रदेश में निर्माणाधीन 17 में से चार बाईपास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जमीन की कमी के कारण अटके बाईपास प्रोजेक्ट्स के लिए मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को जमीन अधिग्रहण में तेजी लाने को कहा है। कुरुक्षेत्र में बने एलिवेटेड ट्रैक के नीचे हल्के वाहनों के लिए नई सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
रेलवे क्रॉसिंग को फाटक मुक्त बनाने के काम में जहां रेलवे की मंजूरी रुकी है, वहां की सूची मांगी गई है। इन अड़चनों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री सीधे रेल मंत्री से मुलाकात करेंगे।
हर 50 किलोमीटर पर ईवी चार्जिंग स्टेशन और सोलर पैनल का क्या है लक्ष्य?
सरकार ने साल 2028 तक प्रदेश के हर सरकारी भवन, गोदाम और निजी घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा है। आम जनता को केंद्र सरकार की योजना के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से अलग सब्सिडी दी जाएगी। औद्योगिक इकाइयों में सोलर पैनल लगाने के लिए बिल्डिंग कोड में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए हर 50 किलोमीटर के दायरे में कम से कम एक ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। नए बनने वाले सभी सरकारी भवनों में ईवी चार्जिंग स्टेशन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य होगा।
हरियाणाः जनसंपर्क विभाग में बड़ा फेरबदल, फतेहाबाद और झज्जर सहित कई जिलों के DIPRO बदले
नए विश्राम गृहों का शिलान्यास कब होगा?
आगामी 15 अगस्त को पूरे प्रदेश में एक साथ नए विश्राम गृहों की आधारशिला रखी जाएगी। कुरुक्षेत्र जिले में 78 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक सुविधाओं वाला नया विश्राम गृह बनाया जाएगा।
