हरियाणा के सिरसा में लगेगें समाधान शिविर, मौके पर ही निपटेंगी आपकी सभी शिकायतें; जानें पूरा शेड्यूल
हरियाणा सरकार के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत अब आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहा है। नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए सरकारी दफ्तरों की चौखट पर बार-बार दस्तक न देनी पड़े, इसके लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को विशेष 'समाधान शिविरों' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को सिरसा के लघु सचिवालय सहित विभिन्न उपमंडलों में जनता की समस्याओं को सुना गया और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित मुख्य समाधान शिविर की अध्यक्षता डीडीपीओ बलजीत सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की जनसमस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना और संबंधित विभागों को उनके त्वरित निवारण के आदेश दिए। समाधान शिविरों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ नागरिक अपनी किसी भी प्रकार की समस्या को एक ही छत के नीचे रख सकते हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि विभिन्न विभागों के अधिकारी एक साथ मौजूद होने के कारण मामलों का निपटारा भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
सिरसा मुख्यालय के अलावा उपमंडल स्तर पर भी प्रशासन काफी सक्रिय दिखा। डबवाली, ऐलनाबाद और कालांवाली में भी समाधान शिविरों का सफल आयोजन किया गया, जहाँ स्थानीय नागरिकों ने भारी उत्साह दिखाया। शिविरों के दौरान डीडीपीओ बलजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि केवल शिविर में आने वाली शिकायतें ही नहीं, बल्कि कार्यालयों में सामान्य दिनों में आने वाली जन शिकायतों पर भी तुरंत कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि शिकायतों के निपटान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन का मुख्य फोकस इस बात पर है कि शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत के स्टेटस के बारे में समय-समय पर अवगत करवाया जाए। इससे प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और आमजन को पूर्ण संतुष्टि मिलेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समाधान शिविर की शिकायतों के साथ-साथ अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर लंबित मामलों का भी समयबद्ध तरीके से निपटान सुनिश्चित करें। प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगने वाले इन शिविरों ने जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने का काम किया है।
