https://www.choptaplus.in/

हरियाणा मौसम अपडेट: 3 शहरों में तापमान 35 डिग्री के पार, जानिए 12 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम का हाल

हरियाणा में मार्च की शुरुआत में ही झुलसाने लगी गर्मी: महेंद्रगढ़ का पारा 36 डिग्री पार, 12 शहरों में तापमान 33 के पार
 
 
हरियाणा में तेज गर्मी और धूप से बचने का प्रयास करते लोग

चण्डीगढः हरियाणा में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जिसमें महेंद्रगढ़ 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म दर्ज किया गया है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 12 मार्च तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा और रात के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Haryana Weather Update March Heatwave Starts

3 शहरों में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा, दिन में महसूस होने लगी तपिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के तीन शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। महेंद्रगढ़ (36.2°C) के अलावा नारनौल में 35.6 डिग्री और चरखी दादरी में 35.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, गुरुग्राम और भिवानी में भी पारा 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही हिसार (34.9°C), नूंह (34.8°C) और पलवल (34.4°C) सहित कुल 12 शहरों में दिन का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। मार्च के पहले सप्ताह में ही तापमान में इस उछाल से दिन के समय गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है।

रात के तापमान में 5.6 डिग्री का उछाल, 12 मार्च तक मौसम रहेगा खुश्क

दिन के साथ-साथ रातों में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के 10 मार्च के बुलेटिन के मुताबिक, राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जो कि सामान्य से लगभग 5.6 डिग्री अधिक है। हिसार और पानीपत में सबसे कम 16.0 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ, जबकि भिवानी में 20.7 डिग्री और अंबाला में यह 21.1 डिग्री तक रहा।

HAU के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डॉगर के अनुसार, 12 मार्च तक मौसम खुश्क रहेगा। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 11 मार्च तक कहीं-कहीं हल्की बादलवाई और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
 

Rajasthan