https://www.choptaplus.in/

कुरुक्षेत्र आयुष विश्वविद्यालय को 17 करोड़ की सौगात, CM सैनी ने किया BAMS छात्रों का भत्ता बढ़ाने का भी ऐलान

 
कुरुक्षेत्र आयुष विश्वविद्यालय को 17 करोड़ की सौगात

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कुरुक्षेत्र के श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में करीब 17 करोड़ रुपये के दो बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए नए परीक्षा और बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने 8 करोड़ रुपये से बनने वाले नए महिला छात्रावास (हॉस्टल) की नींव भी रखी।

नया हॉस्टल बनने से दूर-दराज से आयुर्वेद की पढ़ाई करने आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी। वहीं, अत्याधुनिक सुविधाओं वाला नया सभागार छात्रों और शिक्षकों के लिए शैक्षणिक और शोध से जुड़े कार्यक्रमों का एक बड़ा केंद्र बनेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में एक पौधा लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के छात्रों और प्रशासन की मांगों पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने भरोसा दिया कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के नए परिसर (कैंपस) के प्रस्ताव पर सरकार प्राथमिकता के आधार पर जल्द फैसला लेगी। इसके अलावा, आयुर्वेद (BAMS) की पढ़ाई कर रहे छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते को बढ़ाने की पुरानी मांग को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए बताया कि शहर का नया प्रस्तावित बाईपास आयुष विश्वविद्यालय के बिल्कुल पास से होकर गुजरेगा। इस सड़क के बनने से भविष्य में विश्वविद्यालय तक पहुंचना बहुत आसान हो जाएगा और यह जगह स्वास्थ्य सेवाओं के एक बड़े हब के रूप में उभरेगी।

रेवाड़ी हाईटेक जेल अधीक्षक सुरेंद्र दलाल सस्पेंड, 25 फीट की दीवार फांदकर भागे थे कैदी

आयोजन में योग और आयुर्वेद के महत्व पर खास फोकस रहा। मुख्यमंत्री ने योग को बीमारियों से बचने का सबसे कारगर तरीका बताते हुए कहा कि 21 जून को होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का पूरी दुनिया इंतजार कर रही है। मौके पर उन्होंने पंचकर्म विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजा सिंगला और डॉ. वंदना कुमारी की लिखी आयुर्वेद की किताबों का विमोचन किया। साथ ही विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को रिसर्च पोर्टल 'शोधगंगा' पर ऑनलाइन अपलोड करने की शुरुआत भी की गई। इस दौरान योग विभाग की टीम ने बेहतरीन योगाभ्यास का प्रदर्शन भी किया।
 

Rajasthan