https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में जलभराव से कार डिवाइडर पर चढ़ी, मां-बेटा बचे

सरकारी स्कूल-तहसील परिसर में पानी घुसा
 
जलभराव
माइनर टूटने से फसलें-ट्यूबवैल डूबे

हरियाणा के 14 जिलों में लगातार बारिश हो रही है। इन जिलों में भिवानी, गुरुग्राम, हिसार, अंबाला, फतेहाबाद, जींद, फरीदाबाद, सोनीपत, कैथल, नूंह, रोहतक, झज्जर, कुरुक्षेत्र और महेंद्रगढ़ शामिल हैं।

फतेहाबाद के टोहाना में सरकारी स्कूल में भारी मात्रा में पानी भर गया। रतिया में तहसील परिसर में जलभराव हो गया है। वकीलों के चैंबरों के एरिया में भी पानी भर गया है। कामकाज ठप हो गया है।

हिसार के हांसी में गीता चौक के नजदीक नेशनल हाईवे पर जलभराव में बेकाबू होकर कार डिवाइडर पर चढ़ गई। क्रेन बुलाकर उसे नीचे उतारना पड़ा। कार में युवक मां के साथ सिरसा अपने घर लौट रहा था। कार को झटका लगने से मां बेहोश हो गई।

हांसी में ही उमरा और पुट्ठी रोड पर स्थित उमरा माइनर टूट गई। जिससे कपास, बाजरा सहित कई फसलें जलमग्न हो गईं। ट्यूबवेल इंजन, सोलर पंप और अन्य कृषि उपकरण भी पानी में डूब गए।

चरखी दादरी में बीती रात को हुई बारिश के बाद DC और SP के आवास के बाहर पानी भर गया। सिरसा के रोड़ी बाजार की बॉम्बे वाली गली में देर रात बिजली पोल पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें 8 बिजली मीटर जल गए।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने 2 बजे तक फरीदाबाद, गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, सोनीपत और जींद में मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ तेज हवाएं (30-40 KMPH) चल सकती हैं।

इससे पहले कल (25 अगस्त) हिसार में सांसद नवीन जिंदल और विधायक सावित्री जिंदल के घर में पानी घुस गया था। वहीं कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा के घर में पेड़ गिर गया था। मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक प्रदेश में हल्की से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Rajasthan