हरियाणा के नरवाना में 23 मार्च को होगा विशाल 'युवा शहीदी सम्मेलन', अभय सिंह चौटाला खोलेंगे सरकार की पोल।
युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने का वायदा निकला जुमला: गोरा
23 मार्च को युवा शहीदी सम्मेलन में युवाओं को दिया भागेदारी का न्यौता
सिरसा। इनेलो के जिला प्रभारी एवं लोहारू के पूर्व विधायक ओमप्रकाश गोरा ने आगामी 23 मार्च को नरवाना में होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार को दूसरे दिन कालांवाली और डबवाली हलके के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक ली जिसकी अध्यक्षता इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर जस्सा एवं युवा इनेलो जिलाध्यक्ष भगवान कोटली ने संयुक्त रूप से की।
उपरोक्त हलकों में युवाओं से जिला प्रभारी ओमप्रकाश गोरा ने कहा कि इस युवा सम्मेलन में मुख्य वक्ता इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला होंगे। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे इस सम्मेलन की सफलता के लिए जी-जान से जुटें और उत्साह के साथ इस सम्मेलन में भाग लें। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और बताया जाएगा कि किस प्रकार प्रदेश में निकलने वाली नौकरियों में अधिकतर बाहर के युवाओं को रोजगार देकर हरियाणा के युवाओं से छल किया जा रहा है।
प्रदेश के युवा बिना रोजगार के भटक रहे हैं और ऐसे में नशे की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश की भाजपा सरकारों ने युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने का जो वायदा किया था व खोखला साबित हुआ है और युवा वर्ग अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है। जिला प्रभारी ने कहा कि जनता के सहयोग से यदि आगामी विस चुनावों में इनेलो की सरकार बनी तो युवाओं को प्राथमिकता और योग्यता के आधार पर नौकरियां दी जाएंगी और वंचित रहने वाले युवाओं को 21 हजार रूपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि इस समय प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ गया है और हर वर्ग किसान, दुकानदार, व्यापारी, छात्र, महिलाएं व युवा दुखी और परेशान हैं तथा सरकार को बदलने का मन बना चुके हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया वे अधिकाधिक संख्या में युवा सम्मेलन में पहुंचकर देश पर अर्पित होने वाले शहीदों को नमन करें व मौजूदा सरकार की कुनीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करें।
इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर जस्सा, युवा जिलाध्यक्ष भगवान कोटली ने जिला प्रभारी को आश्वासन दिया कि सिरसा के युवा इस सम्मेलन में बढ़ चढक़र हिस्सा लेंगे। इस मौके पर डबवाली हलकाध्यक्ष मंदर सिहं ओढां, पूर्व विधायक डॉ. सीताराम, नगरपालिका अध्यक्ष टेकचंद छाबड़ा, जसविंद्र बिंदु, मास्टर गुरतेज सिंह, कुलदीप गोदारा, विनोद दड़बी, विशाल भाट, अजय जाखड़, हरीश सिंगला, संदीप चौधरी, लवली मेहता, अमरदीप, बलदेव महंत, गिरधारी बिस्सु, संदीप गंगा, सुरेंद्र नेहरा, राजू रोहण, मलकीयत सिंह जोगेवाला, राजप्रीत रोड़ी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।
