हरियाणा के इन जिलों में बारिश का अलर्ट:50 की स्पीड से चलेंगी हवा, औसत तापमान 0.4 डिग्री बढ़ा।

हरियाणा में मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। हरियाणा के इन 6 जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को चार जिलों में चरखी दादरी, रोहतक, हिसार और जींद में बरसात हुई थी। जिसके बाद से मौसम बदला हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 जिलों में बरसात की 25 प्रतिशत तक संभावना है। जिसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल शामिल हैं। 11 मई को प्रदेश के तीन जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25-50 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है, जबकि 14 जिलों कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है।
12-13 मई को तीन-तीन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 12 मई को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है, अन्य जिलों में मौसम खुश्क रहेगा। इसके अलावा 13 मई को भी पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में ड्राई रहने की संभावना है।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने 10 मई शनिवार के लिए आंधी-तूफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। लेकिन 11 मई रविवार को प्रदेश के 16 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवलव और मेवात में आंधी, बिजली चमक एवं गरजना के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 12 और 13 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 14 मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। राज्य में हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट बने रहने की संभावना है।
हरियाणा का अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़ा
हरियाणा के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
24 घंटे में बदला तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम के दौरान तो प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी नारनौल में 0.5 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई।
जिसके बाद नारनौल का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं सबसे अधिक गिरावट अंबाला के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की। जिसके बाद अंबाला का तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया