हरियाणा राजस्थान में चर्चा का विषय बनी शादी, हरियाणा से हेलीकॉप्टर पर विदाई, राजस्थान में उतरे दूल्हा दुल्हन तो देखने के लिए उमड़ी भीड़
तलवानी गांव में पहली बार हेलिकॉप्टर से हुई बेटी की विदाई, देखने उमड़े हजारों लोग
भिवानी। जिले के सिवानी क्षेत्र के तलवानी गांव में रविवार का दिन इतिहास बन गया, जब पहली बार किसी बेटी की विदाई हेलिकॉप्टर से की गई। यह अनोखी और यादगार विदाई ममता वर्मा की थी, जो अपने पति हितेश वर्मा के साथ हेलिकॉप्टर में सवार होकर नई जिंदगी की ओर रवाना हुईं। पूरे गांव में इस अनूठे आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा और हजारों की संख्या में ग्रामीण इस पल के साक्षी बने।
राजस्थान से आई थी बारात
तलवानी निवासी जिले सिंह भाटीवाल और सुमित्रा देवी की बेटी ममता का विवाह राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के ढाणी राईकान निवासी दौलतराम सिंहमार और निर्मला देवी के बेटे हितेश वर्मा के साथ संपन्न हुआ। विवाह समारोह तलवानी गांव में ही आयोजित किया गया, जहां गांव के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
दूल्हा-दुल्हन का सपना था हेलिकॉप्टर विदाई
दुल्हन के चाचा जागेराम वर्मा ने बताया कि ममता और हितेश का लंबे समय से सपना था कि उनकी शादी के बाद विदाई हेलिकॉप्टर से हो। इस सपने को साकार करने के लिए परिवार ने सभी प्रशासनिक औपचारिकताएँ पूरी कीं। उन्होंने बताया कि दामाद हितेश की इच्छा थी कि वह विवाह समारोह में भी हेलिकॉप्टर से पहुंचे, लेकिन प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। हालांकि विदाई के लिए अनुमति मिल गई, जिसके बाद रविवार दोपहर हेलिकॉप्टर के साथ यह यादगार विदाई सम्पन्न हुई।
दोनों हैं MBA पास, हैदराबाद में कार्यरत
जागेराम वर्मा ने बताया कि ममता और हितेश दोनों ने एमबीए की पढ़ाई की है और वर्तमान में हैदराबाद की एक कंपनी में कार्यरत हैं। पढ़े-लिखे और आधुनिक विचारों वाले इस जोड़े का हेलिकॉप्टर में विदा होने का सपना अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
प्रशासनिक अनुमति में हुई देरी
परिवार के मुताबिक, हेलिकॉप्टर विदाई के लिए प्रशासनिक मंजूरी लेने में थोड़ा समय लगा, जिसके चलते कार्यक्रम में देरी हुई। अनुमति मिलने के बाद ही यह विशेष विदाई आयोजित की जा सकी। तलवानी गांव में इससे पहले किसी भी बेटी की विदाई हेलिकॉप्टर से नहीं हुई थी, इसलिए यह पल गांव के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गया।
गांव के लोगों ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में भीड़ इससे पहले शायद ही किसी समारोह में देखी गई हो। हेलिकॉप्टर के उड़ान भरते ही लोगों ने तालियों और कैमरों की फ्लैश लाइट्स से इस अनूठे आयोजन को यादगार बना दिया।
