https://www.choptaplus.in/

हरियाणा में HKRN कर्मचारियों का 1 साल बढा कार्यकाल, अब 31 मार्च 2027 तक रहेगें कार्यरत

 
HVPNL Extends Contract Of 2267 HKRN Employees

चंडीगढ़: हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) में सेवाएं दे रहे 2267 HKRN कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। निगम ने इन कर्मचारियों का कार्यकाल पूरे एक साल के लिए बढ़ा दिया है, जिससे उनके रोजगार पर मंडरा रहा संकट फिलहाल टल गया है।

दरअसल, इन सभी अनुबंधित कर्मचारियों का मौजूदा कार्यकाल 31 मार्च 2026 को समाप्त होने जा रहा था। अब नए आधिकारिक आदेशों के बाद इनकी सेवाएं 1 अप्रैल 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च 2027 तक निरंतर कर दी गई हैं। यह फैसला हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के कर्मचारियों पर तुरंत प्रभाव से लागू होगा।

विभागीय जानकारी के अनुसार, इस सेवा विस्तार का सीधा फायदा ग्रुप-सी और ग्रुप-डी श्रेणी के उन कर्मचारियों को मिलेगा जो एचवीपीएनएल के पंचकूला मुख्यालय सहित प्रदेश भर के विभिन्न फील्ड कार्यालयों में कार्यरत हैं। राज्य सरकार की 30 जून 2022 की 'कॉन्ट्रैक्चुअल पर्सन्स पॉलिसी' के तहत यह अहम कदम उठाया गया है।

सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस नीति का मुख्य उद्देश्य संविदा पर लगे कर्मचारियों को लगातार रोजगार उपलब्ध करवाना है, ताकि उनके काम और आजीविका में स्थिरता बनी रहे। मार्च क्लोजिंग से ठीक पहले आए इस फैसले से हजारों अनुबंधित कर्मचारी परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।






 
Rajasthan