https://www.choptaplus.in/

राजस्थान में 5 डिग्री तक गिरा पारा, सर्दी बढ़ी:उत्तर भारत से चली बर्फीली हवा, फतेहपुर में तापमान शून्य के पास

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक राजस्थान में सर्द हवाओं का असर 14 फरवरी तक रहेगा।
 
weather
सर्द हवाओं ने राजस्थान में सर्दी फिर बढ़ा दी है।

Choptaplus news     पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर भारत से आ रहीं सर्द हवाओं ने राजस्थान में सर्दी फिर बढ़ा दी है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सीकर के फतेहपुर में तो पारा शून्य के पास पहुंच गया। जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर समेत कई शहरों में भी पारा सिंगल डिजिट में रिकॉर्ड किया गया। चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, करौली में यह 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया।

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक राजस्थान में सर्द हवाओं का असर 14 फरवरी तक रहेगा। 15 फरवरी से उत्तर भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने से ये ठंडी हवाएं रुक जाएंगी। इसके बाद राजस्थान में तापमान फिर से बढ़ने लगेगा।

राजस्थान में आज मौसम की स्थिति देखें तो सबसे सर्द रात सीकर के फतेहपुर में रही है। यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। फतेहपुर, सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, अलवर समेत कई शहरों में कल देर शाम से ही सर्द हवाएं चल रही हैं। सोमवार सुबह और दिन में भी ठंडी हवा बह रही है। इसी वजह से प्रदेश में ठिठुरन लौटी है।

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में असर

मौसम केंद्र जयपुर से मिली रिपोर्ट देखें तो आज जालोर, टोंक, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, चित्तौड़गढ़ में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले दिनों उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुई भारी बर्फबारी का असर है कि मध्य भारत में तापमान गिर रहा है। इससे न केवल रात का तापमान बल्कि दिन का तापमान भी गिरा है। अलवर, सीकर, हनुमानगढ़, सिरोही में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।

15 फरवरी से मिलेगी राहत

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 15 फरवरी को उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान एरिया में नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। इससे उत्तर से ठंडी हवा का मैदानी राज्यों में आना थम जाएगा। फिर राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ने लगेगा। इन राज्यों में 15 फरवरी बाद से तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

Rajasthan