हरियाणा की लाडली बहनों के लिए बड़ी खबर: लाडो लक्ष्मी योजना के तहत जल्द मिलेगा आर्थिक लाभ

हरियाणा सरकार ने राज्य की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लाडो लक्ष्मी योजना को ज़मीन पर उतारने की तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, जो सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
कौन महिलाएं होंगी योजना की पात्र?
यदि किसी महिला की उम्र 23 से 58 वर्ष के बीच है, वह गृहिणी हैं, और उनकी पारिवारिक सालाना आय 1.80 लाख रुपये से कम है, तो वह इस योजना की पात्र मानी जाएंगी। पहले इस योजना में न्यूनतम उम्र 18 वर्ष थी, जिसे अब बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया गया है।
किन जिलों की महिलाएं होंगी पहले चरण में शामिल?
इस योजना का लाभ फिलहाल हरियाणा के 12 जिलों की महिलाओं को पहले चरण में दिया जाएगा। हालांकि जिलों के नाम स्पष्ट नहीं किए गए हैं, लेकिन इन जिलों की महिलाओं को योजना का सीधा लाभ मिलने की पुष्टि की गई है।
दस्तावेज़ और प्रक्रिया
सरकार ने साफ़ किया है कि कोई फॉर्म भरने या दफ्तर जाने की ज़रूरत नहीं है। लाभ फैमिली आईडी के आधार पर मिलेगा। तीन मुख्य शर्तें पूरी होना अनिवार्य हैं:
-
अकाउंट नंबर वेरीफाइड हो
-
फैमिली आईडी में आय सीमा 1.80 लाख रुपये से कम दर्ज हो
-
महिला गृहिणी हो
इन शर्तों को पूरा करने के बाद, पात्र महिलाओं को एसएमएस के जरिए जानकारी भेजी जाएगी।
जन्म प्रमाण पत्र या आयु का प्रमाण क्यों ज़रूरी?
उम्र की पुष्टि के लिए महिला को अपना जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल की मार्कशीट प्रस्तुत करनी होगी। अगर ये दस्तावेज नहीं होंगे, तो लाभ मिलने में समस्या हो सकती है। सरकार के अनुसार आयु सत्यापन अनिवार्य है।
योजना कब होगी लागू?
सरकार की घोषणा के अनुसार लाडो लक्ष्मी योजना वर्ष 2025 में ही शुरू की जाएगी। सोशल मीडिया या विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर ध्यान न दें कि यह योजना 2026 या 2028 में लागू होगी। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि 2025 से DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए पैसे ट्रांसफर किए जाएंगे।
हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना महिला कल्याण की दिशा में एक ठोस कदम है। पात्र महिलाएं समय रहते अपने दस्तावेज़ तैयार रखें और फैमिली आईडी में जानकारी अपडेट कर लें, ताकि योजना का लाभ बिना किसी अड़चन के प्राप्त हो सके।