हरियाणा की बेटी कुमुद को माइक्रोसॉफ्ट में मिली 51 लाख की जॉब

 

हरियाणा में कई छात्र अपनी प्रतिभा से अलग अलग क्षेत्र में सफलता हासिल कर रहे हैं। हरियाणा की बेटियों ने भी हर क्षेत्र में अपनी काबिलियत का परिचय दिया है। अब एक बार फिर से ऐसी खबर आ रही है जिसने हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है। हरियाणा के भिवानी की बेटी ने अपनी कड़ी मेहनत से जो मुकाम हासिल किया है, उसे हासिल करना हर किसी के बस की बात नहीं है।

माइक्रोसॉफ्ट से मिला नौकरी का ऑफर हरियाणा के भिवानी की रहने वाली कुमुद शांडिल्य को हाल ही में अमेरिका की कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में काम करने का अवसर मिला है। इसके लिए उन्हे लाखों रूपये का पैकेज दिया गया है। कुमुद के परिवार में भी खुशी का माहौल है और बेटी की इस सफलता से कुमुद के माता पिता भी बेहद खुश हैं। आइए जानते हैं कुमुद के इस सफर के बारे में

हरियाणा के भिवानी में रहने वाली कुमुद शांडिल्य आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। एनआईटी कुरुक्षेत्र से कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली कुमुद को हाल ही में अमेरिका की प्रतिष्ठित माइक्रोसॉफ्ट कंपनी में काम करने का ऑफर मिला है। बताया जा रहा है कि उन्हें 51 लाख रूपये का पैकेज दिया जा रहा है। कुमुद के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी हमेशा से ही पढ़ाई में काफी होशियार है।

 हमेशा परीक्षा में टॉप रही है कुमुद 2016 में भी कुमुद हरियाणा बोर्ड के 10 वीं के परिणामों में टॉप 10 में अपनी जगह बनाई थी। 2018 में भी कुमुद ने 12वीं के रिजल्ट में भिवानी ज़िले को टॉप किया था।

इसके बाद कुमुद को एमबीबीएस, दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस और आईआईटी रुड़की में दाखिला मिल गया लेकिन उन्हें कंप्यूटर इंजीनियरिंग में रुचि थी इसलिए उन्होंने एनआईटी कुरुक्षेत्र में दाखिला लिया।

IAS बनकर करना चाहती हैं देश सेवा हालांकि कुमुद इस ऑफर को स्वीकार करेंगी या नहीं इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन पूरा परिवार उनकी सफलता से खुश हो रहा है। वहीं कुमुद का लक्ष्य IAS बन देश सेवा करने का है। इसके लिए कुमुद काफी मेहनत भी कर रही हैं।