राज कैनाल में नहाते समय सिरसा जिले के गांव बणी के दो बच्चे डूबे
सिरसा जिले के गांव बणी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। राजस्थान सीमा के पास गुजर रही इंदिरा गांधी नहर (राज कैनाल) में नहाने गए दो बच्चों के डूब जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद गांव बणी सहित आसपास के इलाकों में मातम का माहौल है। राजस्थान पुलिस और गोताखोरों की टीम बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बणी निवासी अजय पुत्र जसविंद्र, सागर पुत्र रामा सिंह, मोहित पुत्र रोहतास, मनीष पुत्र राजकुमार तथा अमन गुरुवार सुबह करीब 11 बजे राज कैनाल में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान 17 वर्षीय मोहित और 14 वर्षीय मनीष नहर के तेज बहाव में बह गए और पानी में डूब गए।
दोनों बच्चों को डूबता देख साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही करीवाला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि घटना राजस्थान क्षेत्र में हुई है, जिसके बाद मामला हनुमानगढ़ जिले की सुरेवाला पुलिस चौकी को सौंप दिया गया।
राजस्थान पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की टीम को बुलाया और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक पुलिस, गोताखोर और ग्रामीण लगातार नहर में दोनों बच्चों की खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बच्चों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण वे सभी नहर में नहाने के लिए गए थे। हाल ही में राज कैनाल की सफाई होने के कारण नहर में पानी का स्तर अधिक था और बहाव भी काफी तेज था। जैसे ही दोनों बच्चों ने नहर में डुबकी लगाई, तेज धारा उन्हें अपने साथ बहा ले गई और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
ग्रामीणों के अनुसार सबसे दुखद बात यह है कि डूबने वाले दोनों बच्चे अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
करीवाला पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। चूंकि घटना राजस्थान सीमा क्षेत्र में हुई थी, इसलिए मामले की जानकारी सुरेवाला पुलिस चौकी को दी गई। फिलहाल राजस्थान पुलिस और गोताखोरों की टीम दोनों बच्चों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
