महंगाई का झटका: कमर्शियल गैस सिलेंडर 42 रुपये महंगा, घरेलू LPG पर मिली राहत
नई दिल्ली। देश भर में तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल और 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 42 रुपये और कोलकाता में 53.50 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं।
यह मूल्य वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जिसका सीधा असर रेस्टोरेंट, होटल कारोबारियों और बाहर खाने-पीने के शौकीन लोगों की जेब पर पड़ेगा। हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाले 14 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। इसी तरह कोलकाता में भी कारोबारियों को भारी झटका लगा है। वहां अब प्रति कमर्शियल सिलेंडर 3,255.50 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 3,202 रुपये थी। गैस की कीमतों में आए इस उछाले से बेकरी, हलवाई और ढाबा संचालकों की परिचालन लागत में सीधा इजाफा होगा।

कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलोग्राम वाले 'छोटू' गैस सिलेंडर को भी महंगा कर दिया गया है। छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और प्रवासी मजदूरों द्वारा बहुतायत में इस्तेमाल किए जाने वाले इस 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 11 रुपये का इजाफा किया गया है।
दिल्ली में अब इस छोटे गैस सिलेंडर की नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है, जो इससे पहले 810.50 रुपये में उपलब्ध था। राहत की बात केवल इतनी है कि रसोई घरों में इस्तेमाल होने वाले 14 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों को स्थिर रखा गया है, जिससे आम गृहणियों के मासिक बजट पर इस महंगाई का सीधा असर नहीं पड़ेगा।
