https://www.choptaplus.in/

सिरसा में कल से कांग्रेस की सद्भावना यात्रा का आगाज, गांव दड़बा कलां से शुरू होगी यात्रा, जानें पूरा रूट

 
Congress workers and District President Santosh Beniwal during Sadbhavana Yatra in Sirsa Haryana

प्रदेशभर में चल रही कांग्रेस की सद्भावना यात्रा कल 22 मार्च को सिरसा के ऐलनाबाद हलके में दस्तक देगी। गांव दड़बा कलां से सुबह 9 बजे शुरू होने वाली इस जनसंपर्क यात्रा को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

गांवों से लेकर शहर तक सजेगा सियासी मंच

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दो दिवसीय यात्रा का मुख्य मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं की निराशा को दूर कर संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार करना है। यह यात्रा हलके के दर्जनों गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी, जिसका विस्तृत कार्यक्रम तय कर दिया गया है:

  • 22 मार्च का रूट: यात्रा सुबह 10.30 बजे चौपटा, 12 बजे नाथूसरी चौपटा और दोपहर 2 बजे गीगोरानी पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4 बजे कागदाना में प्रवेश के बाद पहले दिन का विश्राम होगा।
  • 23 मार्च का रूट: अगले दिन सुबह 10 बजे पोहड़का से यात्रा की शुरुआत होगी। दोपहर 12 बजे मिठी सुरेरां होते हुए यात्रा ऐलनाबाद शहर के बस स्टैंड पहुंचेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने बताया कि इस यात्रा को लेकर सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। उन्होंने जिलेभर के तमाम पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा आह्वान किया है कि वे इस कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और इसे पूरी तरह सफल बनाएं।

ऊधमसिंह चौक पर होगा यात्रा का समापन

ऐलनाबाद शहर में प्रवेश करने के बाद यह यात्रा दोपहर 12.30 बजे तहसील कार्यालय और 1 बजे दोबारा बस स्टैंड होते हुए शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरेगी। दोपहर 2.30 बजे पंचमुखी चौक, 3 बजे गांधी चौक, 3.15 बजे देवीलाल चौक और 3.30 बजे टीबी चौक से होते हुए शाम 4 बजे ऊधमसिंह चौक पर इस सद्भावना यात्रा का विधिवत समापन किया जाएगा। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिहाज से यह पदयात्रा कांग्रेस के लिए एक अहम कदम मानी जा रही है।
 

Rajasthan