सिरसा: रात भर बेटे को तलाशता रहा परिवार, सुबह डिग्गी में मिली लाश, 5 बहनों का था इकलौता भाई
डबवाली (सिरसा)। सिरसा जिले के डबवाली के गांव रिसालिया खेड़ा में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 6 जून से लापता 17 साल के एक नाबालिग लड़के का शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बनी पानी की डिग्गी में मिला। मृतक की पहचान गुरदीप (17) के रूप में हुई है, जो अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
खेत जाने की बात कहकर निकला था, रात भर चला तलाश अभियान
जानकारी के मुताबिक, रिसालिया खेड़ा का रहने वाला भूप सिंह का बेटा गुरदीप 6 जून को घर से खेतों की तरफ जाने की बात कहकर निकला था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों को चिंता सताने लगी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास और रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की, लेकिन गुरदीप का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद गोरीवाला पुलिस चौकी में उसके लापता होने की सूचना दी गई। रात भर गांव वाले और परिजन मिलकर उसकी तलाश करते रहे।
डिग्गी के बाहर मिली बाइक और चप्पलें, पानी निकाला तो मिला शव
रविवार सुबह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक खेत में बनी पानी की डिग्गी के बाहर गुरदीप की बाइक और चप्पलें रखी मिलीं। डिग्गी में गिरने की आशंका के चलते ग्रामीणों ने तुरंत पानी बाहर निकालने का काम शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद जब पानी कम हुआ, तो डिग्गी के अंदर से गुरदीप का शव बरामद हो गया।
सिरसा में 8 जून को नहीं होगा फैमिली आईडी से जुड़ा कोई काम, जाने क्या है कारण
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का असल कारण
शव मिलने की सूचना तुरंत गोरीवाला पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
