https://www.choptaplus.in/

Sirsa News: फायर कर्मियों के धरने को मिड डे मील वर्कर्स का समर्थन, सातवें दिन भी जारी रहा आंदोलन

 
Fire employees and mid day meal workers protesting together in Sirsa Haryana.

सिरसा: फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए फायर कर्मियों भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह के परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का धरना मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। इस आंदोलन को अब मिड डे मील कर्मचारियों ने भी अपना समर्थन दे दिया है, जिससे कर्मचारियों का यह संघर्ष और मजबूत हो गया है। सिरसा में हुए इस धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने की।

मिड डे मील यूनियन की राज्य प्रधान राजरानी ने कहा कि फरीदाबाद हादसे में मारे गए दोनों कर्मचारियों के परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पूरा कर्मचारी वर्ग संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को अनसुना कर उन्हें आंदोलन के लिए उकसा रही है। राजरानी ने साफ कहा कि तमाम कर्मचारी वर्ग फायर कर्मचारियों के साथ है और जब तक मृतक दोनों कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता, संघर्ष और मजबूती से जारी रहेगा।

क्या हैं फायर कर्मचारियों की प्रमुख मांगें?

धरने को संबोधित करते हुए जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने कहा कि सरकार सिर्फ फायर कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि ठेका प्रथा, कौशल रोजगार निगम, पालिका रोल, डोर-टू-डोर और ऑपरेशन मेंटेनेंस जैसे सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी पूरी नहीं कर रही है। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि ड्यूटी के दौरान शहीद हुए भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह को शहीद का दर्जा दिया जाए, उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

Sirsa News: गांव जमाल की सरपंच,पति ओर भतीजे पर केस दर्ज

जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने आगामी आंदोलन की रूपरेखा भी साझा की। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को तीन घंटे का काम बंद किया जाएगा, 20 और 21 अप्रैल को काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, 24 और 25 अप्रैल को उल्टा झाड़ू प्रदर्शन किया जाएगा, 27 और 28 अप्रैल को क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी और एक व दो मई को दो दिवसीय राज्य स्तरीय हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर मिड डे मील जिला प्रधान संतोष, गगन फतेहाबाद जिला प्रधान, वीरपाल मोरीवाला, निर्मला चोपटा, सुखदेव सिंह कोषाध्यक्ष, बलवंत सहारण प्रधान, हरजिंदर सिंह उप प्रधान, करण, सतीश, प्रहलाद ढाका, रामनिवास, अनिल और राजेंद्र बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
 

Rajasthan