सिरसा के साहूवाला-II विद्यालय में भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर संपन्न
सिरसा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहूवाला-II में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित 7 दिवसीय भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का संचालन हिंदी प्रवक्ता श्रीमती सुमन के निर्देशन में किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू पूनिया ने बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्राओं ने हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं में गिनती सीखने तथा अपने नाम लिखने का अभ्यास किया। इसके अतिरिक्त पोस्टर मेकिंग, नृत्य, कला प्रदर्शन और विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाने जैसी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में भाषाई ज्ञान, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ का विकास हुआ। पूरे शिविर के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के सभी अध्यापकों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राचार्या श्रीमती मंजू पूनिया ने सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं
