सिरसा को नई पहचान दिलाएगी अमारा ग्रीन' कॉलोनी, बुनियादी सुविधाओं के साथ होंगे क्लब हाउस और स्विमिंग पूल
सिरसा। शहर के वैदवाला रोड पर 'अमारा ग्रीन' के नाम से एक बड़ी रिहायशी और औद्योगिक (इंडस्ट्रियल) कॉलोनी बसाई जा रही है। श्रीमत ग्रुप की तरफ से तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट को करीब 60 एकड़ जमीन पर विकसित किया जा रहा है। इसका मकसद लोगों को एक ही जगह पर आधुनिक सुख-सुविधाओं वाले घर और कारोबार के लिए जगह देना है। फिलहाल इस जगह पर निर्माण और सड़क बनाने का काम तेजी से चल रहा है।
श्रीमत ब्रिज एलएलपी द्वारा बनाई जा रही इस कॉलोनी को मुख्य रूप से दो हिस्सों में बांटा गया है। करीब 23 एकड़ जमीन सिर्फ रिहायशी इलाके के लिए रखी गई है, जिसमें घर बनाने के लिए 358 प्लॉट काटे गए हैं। वहीं, बाकी करीब 40 एकड़ जमीन पर एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनाया जा रहा है, जिसमें फैक्ट्रियां या कारोबार लगाने के लिए 146 इंडस्ट्रियल प्लॉट रखे गए हैं। हुडा के सेक्टर 19-20 के बिल्कुल साथ लगती इस कॉलोनी में लोगों के आने-जाने के लिए 15 से 24 मीटर चौड़ी पक्की सड़कें बनाई जा रही हैं।

इस प्रोजेक्ट में पीने का पानी, सीवर, बिजली और पक्की सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ कई खास सुविधाएं भी दी जा रही हैं। श्रीमत ब्रिज एलएलपी के पार्टनर माधव जैन ने बताया कि लोगों की सहूलियत के लिए यहां एक बड़ा क्लब हाउस, एक मंदिर और स्विमिंग पूल भी बनाया जा रहा है। क्लब हाउस के अंदर होटल के कमरे, स्पा सेंटर, जिम, थिएटर और बैंक्वेट हॉल की सुविधा भी मौजूद रहेगी। इसके अलावा खेल-कूद पसंद करने वाले लोगों के लिए बास्केटबाल और टेनिस कोर्ट के साथ-साथ बिलियर्ड्स और क्रिकेट का मैदान भी तैयार किया जा रहा है।
हरियाली का ध्यान रखते हुए कॉलोनी में पेड़-पौधे लगाने पर खास जोर दिया जा रहा है। बच्चों के खेलने के लिए अलग पार्क और पालतू जानवरों के लिए एक खास 'पेट प्ले एरिया' भी बनाया गया है। बुजुर्गों के आराम और उनकी देखभाल के लिए एक 'ओल्ड एज हाउस' भी बन रहा है।
माधव जैन ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में प्लॉट खरीदने वाले लोगों के लिए एचडीएफसी (HDFC) और आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक से लोन लेने की सुविधा भी शुरू कर दी गई है, ताकि लोग आसानी से यहां अपना घर बना सकें या अपनी कोई इंडस्ट्री लगा सकें।
