सिरसा, डबवाली और ऐलनाबाद कोर्ट में 9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, मौके पर ही होगा मुकदमों का निपटारा
सिरसा: हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HALSA) पंचकूला के कड़े निर्देशों के बाद सिरसा जिले में कानूनी विवादों के त्वरित समाधान की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 9 मई को सिरसा जिला न्यायालय सहित डबवाली और ऐलनाबाद के उपमंडल न्यायालय परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस अदालत के जरिए आम नागरिक अपने वर्षों से लंबित पड़े मुकदमों का आपसी रजामंदी से स्थायी निपटारा करवा सकेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) प्रवेश सिंगला ने इस अहम न्यायिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी फरियादी स्वयं कोर्ट में उपस्थित होकर या सीधे अपने अधिवक्ता के माध्यम से केस के निपटारे के लिए अपना आवेदन दाखिल कर सकता है।
सीजेएम सिंगला ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार अदालतों का बोझ कम करने के लिए समय-समय पर इस तरह की लोक अदालतों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोक अदालत की पूरी न्यायिक प्रक्रिया बेहद संक्षिप्त और साधारण है। इसमें किसी भी पक्ष की हार-जीत नहीं होती, बल्कि दोनों पक्षों की पूर्ण सहमति से केस का निपटारा किया जाता है।
