https://www.choptaplus.in/

Sirsa News: पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में जजपा ने चौपटा में फूंका हरियाणा सरकार का पुतला

हिसार में दुष्यंत चौटाला की गाड़ी रोकने के बाद जजपा कार्यकर्ता भड़क गए। सोमवार को चोपटा के देवीलाल चौक पर हरियाणा सरकार का पुतला जलाकर पुलिस पर लगाम लगाने की मांग की गई।
 
JJP workers burning effigy of Haryana government at Devlal Chowk in Sirsa Dushyant Chautala Hisar Police

Haryana News-Sirsa: 17 अप्रैल को हिसार में पूर्व डिप्टी सीएम और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला के साथ हुए बर्ताव के खिलाफ सोमवार को हलका ऐलनाबाद की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने चोपटा के देवीलाल चौक पर हरियाणा सरकार का पुतला फूंक दिया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और कहा कि अब सरकार को जागना होगा।

इस मौके पर हलका अध्यक्ष अनिल कासनिया ने कहा कि हरियाणा सरकार कुंभकरणी नींद सोई हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील की कि जिस अधिकारी ने दुष्यंत चौटाला के साथ गुंडागर्दी की है, उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। कासनिया ने कहा, “आज पूरे हरियाणा में अराजकता का माहौल है। पुलिस का खौफ इस कदर बैठ चुका है कि लोग थाने जाने से डरते हैं। जब पुलिस ने डिप्टी सीएम को नहीं बख्शा, तो आम आदमी का क्या होगा?”

हिसार सब्जी मंडी के पास हुआ था विवाद

यह पूरा मामला 16 अप्रैल को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में शुरू हुआ था। वहां जेजेपी की युवा टीम (इनसो) का एक कार्यक्रम था, जिसे विश्वविद्यालय ने अनुमति नहीं दी। जब कार्यक्रम पास में किया गया तो छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने दिग्विजय चौटाला समेत कई नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर ली।

17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला अपने भाई दिग्विजय और समर्थकों के साथ हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं के लिए एसपी ऑफिस पहुंचे। वहां जाते समय सब्जी मंडी चौक के पास सीआईए इंचार्ज पवन कुमार ने पुलिस की बोलेरो दुष्यंत की गाड़ी के आगे लगा दी। आरोप है कि पवन कुमार ने हाथ में पिस्तौल लेकर पूर्व डिप्टी सीएम को धमकाया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने दोनों पक्षों की चार शिकायतों पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) बना दी।

कार्यकर्ताओं ने सीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग

अनिल कासनिया ने कहा कि सीएम नायब सिंह सैनी ने शपथ लेते वक्त कहा था – या तो गुंडे हरियाणा छोड़ दें या गुंडागर्दी छोड़ दें। लेकिन आज पुलिस के अपने गुंडे खड़े हो गए हैं, जो आम जनता को डरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा को यूपी-बिहार नहीं बनने दिया जाएगा। चौधरी देवीलाल के सपनों के हरियाणा को बचाना है।

Sirsa News: मानसिक रूप से परेशान युवती ने निगला जहरीला पदार्थ, वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान

जेजेपी कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि दुष्यंत चौटाला ने ही गांव-गांव में अस्थाई मंडियां बनवाई थीं, ताकि किसान का एक-एक दाना खरीदा जा सके और 48 घंटे में पैसा उसके खाते में आ जाए। उन्होंने 7 अप्रैल को कुरुक्षेत्र में इनसो कार्यक्रम पर दर्ज एफआईआर का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार राजनीतिक द्वेष रखते हुए काम कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर हिसार के एसपी और सीआईए इंचार्ज को तुरंत सस्पेंड नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
 

Rajasthan