https://www.choptaplus.in/

सिरसा के कंगनपुर में अजीबोगरीब चोरी, 7 मोबाइल उड़ाए, लेकिन सबसे महंगे फोन को सड़क पर फेंक फरार

 
Victim family in Kanganpur village Sirsa showing the spot where thieves left the iPhone and mobile covers after stealing 7 phones

सिरसा: हरियाणा के सिरसा स्थित कंगनपुर गांव में बीती रात चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक ही घर से 8 मोबाइल फोन चोरी कर लिए, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि चोरी के बाद सबसे महंगा आईफोन और बाकी मोबाइलों के कवर सड़क पर फेंक कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, परिवार में हाल ही में एक मृत्यु हुई थी तो कुछ सदस्य अस्थियां विसर्जित कर हरिद्वार से लौटे थे। रात करीब एक-दो बजे तक परिवार के सदस्य रस्म पगड़ी के आगामी कार्यक्रम को लेकर चर्चा कर रहे थे। थकान के कारण जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया, तो चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए घर में रखे मोबाइलों पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह करीब पांच बजे जब महिलाओं ने समय देखने के लिए फोन तलाशा, तो मोबाइल अपनी जगह से गायब मिले। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों ने भी अपने फोन चेक किए, तो पता चला कि आईफोन, ओप्पो, वीवो, रेडमी और रियलमी समेत कुल 8 फोन गायब हैं। जब परिवार ने बाहर जाकर देखा तो एक पेड़ के पास उनका आईफोन 'एक्सएस' (iPhone XS) और सड़क पर अन्य सभी मोबाइलों के कवर पड़े मिले।

पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी हुए मोबाइलों में रस्म पगड़ी के लिए रिश्तेदारों के जरूरी नंबर सेव थे, जिससे अब उन्हें लोगों को सूचना देने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ परिजनों ने अंदेशा जताया है कि शायद चोरों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघाया हो, जिससे पूरा परिवार इतनी गहरी नींद में चला गया और किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी।

इस पूरी घटना में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने कीमती आईफोन को हाथ तक नहीं लगाया और न ही घर के किसी अन्य कीमती सामान को चुराया। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को इस मामले की शिकायत दी है। पुलिस ने परिजनों को दिशा केंद्र के माध्यम से अपनी औपचारिक शिकायत दर्ज करवाने की सलाह दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




 
Rajasthan