https://www.choptaplus.in/

'हमें देवी मत बनाओ': सिरसा में महिला दिवस के मंच से सरकार की नीतियों पर उठे तीखे सवाल

 
सिरसा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में संबोधित करतीं वक्ता

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा के पटवार भवन में आयोजित एक विचार गोष्ठी में महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और समाज के दोहरे मापदंडों पर तीखी बहस छिड़ गई। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति और सर्वकर्मचारी संघ समेत कई संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को देवी बनाकर पूजने का ढोंग बंद होना चाहिए, क्योंकि उन्हें सिर्फ बराबरी का हक और सम्मान चाहिए। इस दौरान महिला खिलाड़ियों और अधिकारियों के यौन शोषण जैसे गंभीर मुद्दों पर भी बेबाक राय रखी गई और सिस्टम की खामियों को उजागर किया गया।

सिरसा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में संबोधित करतीं वक्ता

 (सिरसा के पटवार भवन में आयोजित विचार गोष्ठी में मंच से भाषण देतीं महिला वक्ता और सामने गंभीरता से सुन रही महिलाओं की भीड़)]

'बेटी बचाओ' के नारों के बीच बंद हुए स्कूल, शोषण करने वालों को मिल रही पैरोल

मुख्य वक्ता के रूप में रोहतक से पहुंचीं हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति की सदस्य मनीषा हंस ने मौजूदा व्यवस्था पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में आज तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू नहीं किया जा सका है। सरकार एक तरफ 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देती है, तो दूसरी तरफ हरियाणा में सैकड़ों लड़कियों के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने इस बात पर गहरी नाराजगी जताई कि महिलाओं का शोषण करने वाले कथित साधु-संन्यासियों को सिस्टम द्वारा आसानी से पैरोल दे दी जाती है।

समाज की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए गोष्ठी में कहा गया कि जब भी महिलाओं के साथ ज्यादती होती है, तो पंचायती स्तर पर 'मिट्टी डालो' कहकर मामलों को दबाने की कोशिश होती है। लड़कियों के पहनावे पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि असल खराबी पुरुष प्रधान समाज की सोच में है। मंच से इस बात पर भी चिंता जताई गई कि देश में एक महिला आईपीएस अधिकारी से लेकर देश का नाम रोशन करने वाली स्वर्ण पदक विजेता महिला खिलाड़ियों तक को यौन शोषण का सामना करना पड़ा है।

सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से दहला हरियाणा का ये जिला, घरों से भागे लोग; जानें क्या है अरावली कनेक्शन?

राष्ट्रीय खिलाड़ियों और होनहार शिक्षकों का हुआ सम्मान, गूंजे क्रांतिकारी गीत

कार्यक्रम के दौरान अधिकारों की बात के साथ-साथ उपलब्धियों का भी जश्न मनाया गया। राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाली और सिरसा का नाम रोशन करने वाली दो महिला खिलाड़ियों, मुस्कान और पूजा को सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान मदन लाल खोथ और अध्यक्ष मंडल द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अध्यापक बूटा सिंह और रेखा गोयल को भी हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति सिरसा की ओर से सम्मानित किया गया।

गोष्ठी की शुरुआत मास्टर कुलदीप पनिहारी द्वारा बेटियों को समर्पित गीतों से हुई, जिसके बाद उन्होंने क्रांतिकारी गीत भी पेश किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरो रानी, राज रानी, शिमला रानी और रेखा रानी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन एडवोकेट डॉ. बलबीर कौर गांधी ने किया। इस अवसर पर एडवोकेट चंचल रानी, किरण रानी, सुनीता मकानी, जिला सचिव ललित सोलंकी और मास्टर वीर सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
 

Rajasthan